डर

त्रिभुवनत्रिभुवन

1 min read · 12.4K reads

मैं एक कविता लिखना चाहता हूँ

जिसका शीर्षक हो—

डर।

वही डर, जिसे मैंने

राष्ट्रीय पार्टियों के

कार्यालयों में प्रवेश करते देखा।

डर जो शास्त्री भवन के मैटल डिटेक्टरों पर

घोंसले बनाकर हँस रहा है।

मंत्रियों, अफ़सरों और वीवीआईपी घरों के बाहर

गुमटियों में हर समय

बंदूक़ थामे सन्नद्ध डर।

विदेशी दूतावासों, फ़ाइव स्टार होटलों,

अतिथिगृहों और कला-दीर्घाओं की

खिड़कियों से झाँकता हुआ डर।

मेरी कविता उस डर के बारे में होगी

जो ग़फ़्फ़ार मार्केट, कनॉट पैलेस

या इंडिया गेट की शामों से मुंसलिक चिपका है।

रेसकोर्स रोड, गोल्फ़ मैदान, क्रिकेट स्टेडियम,

गार्डन पार्टियों, शहीद-स्मारकों और

बड़े लोगों की क़ब्रों के आस-पास फैला डर।

कैमरे, किताब, लैपटॉप, हैंडबैग

और खिलौनों की तलाशी लेते

सिपाही की उँगलियों से चिपका डर।

यह वह डर है, जो सुरक्षा-प्रहरियों में

पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, गैज़ेट्, सेल्फ़ोंस और पेन ड्राइव ही नहीं,

तरुण चिबुक पर नन्ही दाढ़ी देखकर अंकुरित होता है।

डर जो गुरुद्वारों, मंदिरों और मस्जिदों में

डर जो सुबह, दुपहर और शाम में

डर जो आदमी से आदमी में।

डर जो संसद के गोल गुंबद में।

त्रिभुवन
About the poet

त्रिभुवन

सुपरिचित कवि-लेखक और पत्रकार।

View profile & all 40 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like