तुमने एक फूल को देख लिया है तालाब की इंद्रियों में गुलाबी रिसते
भैंस की कालिख से सुबहो-शाम ख़ून पीते हुए जीव
और वह साँप जिसे पहली बार मानुष की आँख ने देखा है
कोई सच है जिसकी पुतलियों में सूर्य के साथ बाँस के बिंब
एक शिशु जानता है कि एक चाँद निकलता है उसकी प्याली से
तुम नहीं जानते उस मोम के मर्म को जो जलती है तुम्हारी मेज़ पर—
यह पृथ्वी जो एक हस्तलिखित पंक्ति है
पृथ्वी की डूबती हुई सतह पर।








