भाषा के साथ खेल सकते हो
(खेले भी हो ज़ार-ज़ार उसकी ध्वनियों और नुक़्तों से)
क्या खेलोगे उससे भी—?
उस परछाइयों के बुने नृत्य से
साँसों की उस अन्यमनस्क माला से
सुगंध से बहके हुए उस झोंके से
जिसे सहेज नहीं सकती तुम्हारी पलकें
मालती के वे फीके गुलाबी फूल
नारंगी ग्रीवा से मुरझाते हुए वे पारिजात
जासोन के वे सुर्ख़ घने बिंब जो तुम्हें चूमकर डूब जाते हैं साँझ में
वह मत्स्या जो कन्या के भेस में तुम्हारे ममत्व को टंकार जाती है
वह देही जो तुम्हारी देह में किसी मर्त्य गीत को गुनगुनाती है
क्या खेलोगे उससे भी जिसे कभी-कभी कविता कह देते हो तुम?
भाषा से खेल सकते हो!








