उठा के ग़म तिरा ऐ ज़िंदगी न रोएँगे
हमारा वा'दा रहा अब कभी न रोएँगे
हम अपने सीने पे रख लेंगे ज़ब्त का पत्थर
अगर है इस में तुम्हारी ख़ुशी न रोएँगे
हमारे ग़म ने तुम्हें फिर से कर दिया है उदास
तुम्हारे सामने अब हम कभी न रोएँगे
हम अपनी शिद्दत-ए-एहसास को छुपा लेंगे
सुना के अपनी कभी बेबसी न रोएँगे
ग़मों का बोझ उठा लेंगे हम अकेले ही
यक़ीन कीजिए हम वाक़ई न रोएँगे








