काश तू आ के देख सकता कभी
आज कितनी बदल गई हूँ मैं
चार दिन की तिरी जुदाई में
किस क़दर अब सँभल गई हूँ मैं
इक ज़माना था जब तिरा साया
मेरे सर पर था बरगदों की तरह
कितनी बे-फ़िक्र ज़िंदगी थी मिरी
होश अपना न था किसी का ख़याल
अपने कमरे में बस पड़े रहना
रात-दिन सिर्फ़ शाइ'री करना
वक़्त से सोना जागना कैसा
वक़्त के पीछे भागना कैसा
ज़िंदगी-भर जो तू ने समझाया
वक़्त ने सब सीखा दिया पल में
अब यहाँ कुछ नहीं है बे-तरतीब
सारे कमरे हैं अब सलीक़े से
एक इक चीज़ अब है अपनी जगह
सारे घर में तुझे मिलेगा शुऊ'र
फ़ालतू पंखे अब नहीं चलते
बल्ब अब बे-सबब नहीं जलते
जब निकलती हूँ मैं किचन से कभी
ध्यान से गैस बंद करती हूँ
अब मैं जब आइरन उठाती हूँ
मुझ से कपड़े भी अब नहीं जलते
साफ़-सुथरा है घर का हर कोना
मुझ को सब की है इस क़दर परवाह
सोचती हूँ कि तेरे जाते ही
कैसे साँचे में ढल गई हूँ मैं
हाए कैसी बदल गई हूँ मैं
काश तू आ के देख सकता कभी








