मैं अपनी क़ीमती चीज़ें भी अक्सर भूल जाती हूँ
कहीं भी जा के ठहरूँ मैं
किसी के पास भी जाऊँ
कभी टैरिस कभी आँगन कभी कमरे में भी अक्सर
कुछ अपनी पिछली यादों को कभी कुछ चाँद रातों को
और अक्सर अध-बुने से कुछ अधूरे ख़्वाब के गुच्छे
वहीं पर छोड़ आती हूँ
मैं अक्सर भूल जाती हूँ
वो जो मैं आख़िरी मौसम में तुम से मिलने आई थी
तो कुछ तारे चमेली की बहुत थोड़ी सी वो ख़ुशबू
मोहब्बत के सुनहरी नर्म रेशम से बने बे-साख़्ता जुमले
यहीं पर रह गए मेरे
यहाँ दीवार पर मैं ने चमकता चाँद छोड़ा था
हँसी के मोतियों की एक माला थी जो तुम ने गिफ़्ट में दी थी
यहीं पर रह गई वो भी
मैं ठहरूँगी नहीं मुझ को बस अपनी क़ीमती चीज़ें ही लेनी हैं
तुम्हें ज़हमत बहुत होगी मगर ये सब मुझे दे दो
तुम्हारे पास तो दुनिया के अब सारे ख़ज़ाने हैं
मैं ख़ाली हाथ बैठी हूँ यही मेरा असासा है








