तिरी यादें हैं और तन्हाइयाँ हैं
ग़ज़ब की अंजुमन-आराइयाँ हैं
कहाँ हम और कहाँ ये लज़्ज़त-ए-ग़म
ये सब तेरी करम-फ़रमाइयाँ हैं
महकती है तिरी साँसों की ख़ुशबू
जहाँ तक रूह की गहराइयाँ हैं
मैं राह-ए-शौक़ में तन्हा नहीं हूँ
मिरे हमराह कुछ परछाइयाँ हैं
सर-ए-शाम आज क्यों नींद आ रही है
ये किस की याद की पुरवाइयाँ हैं
अब इस एहसास को क्या नाम दीजे
भरी महफ़िल है और तन्हाइयाँ हैं
वहाँ टूटे हुए दिल भी मिलेंगे
जहाँ भी अंजुमन-आराइयाँ हैं
कभी देखा था हम ने 'शान' उन को
मता-ए-दिल वही रानाइयाँ हैं








