ले के यादों के चमन-ज़ार कहाँ से आई
ये सबा-ए-करम-आसार कहाँ से आई
धूप ही धूप में ज़ेहनों को सफ़र करना है
दश्त-ए-एहसास में दीवार कहाँ से आई
मैं ने मंज़र ही नहीं देखे हैं पस-मंज़र भी
मुझ में अब जुरअत-ए-दीदार कहाँ से आई
देखिए अहद-ए-गुज़शता के मोहब्बत वाले
सोचिए अज़्मत-ए-किरदार कहाँ से आई
छू के आई है सबा आज ज़रूर उन के क़दम
वर्ना ये शोख़ी-ए-रफ़्तार कहाँ से आई
क्या कोई दिल का ख़रीदार इधर आ निकला
इस क़दर गर्मी-ए-बाज़ार कहाँ से आई
मेरे होंटों पे तो इक गीत था फ़रियाद न थी
फिर ये ज़ंजीर की झंकार कहाँ से आई
इतनी नुदरत तिरे अशआ'र में पहले तो न थी
'शान' ये ज़ीनत-ए-अफ़्क़ार कहाँ से आई








