तू भी रुख़्सत हो रहा है धूप भी ढलने को है
मेरे अंदर इक चराग़-ए-शाम-ए-ग़म जलने को है
कब तलक इस हिज्र में आख़िर को रोना चाहिए
आँख भी ख़ूँ हो गई दामन भी अब गलने को है
गुल्सिताँ में पड़ गई है रस्म-ए-तज्सीम-ए-बहार
अपने चेहरे पर हर इक गुल ख़ून-ए-दिल मलने को है
अजनबी सी सरज़मीं ना-आश्ना से लोग हैं
एक सूरज था शनासा वो भी अब ढलने को है
हर नई मंज़िल की जानिब सूरत-ए-अब्र-ए-रवाँ
मेरे हाथों से निकल कर मेरा दिल चलने को है
शहर पर तूफ़ान से पहले का सन्नाटा है आज
हादिसा होने को है या सानेहा टलने को है
इक हवा-ए-तुंद और हमराह कुछ चिंगारियाँ
ख़ाक सी उड़ने को है और आग सी जलने को है
सामने है नींद की लम्बी मसाफ़त आज शब
कारवान-ए-अंजुम-ओ-महताब भी चलने को है








