शाम जो चेहरे पे लहराते हुए रंग की थी
बाद तेरे वही काजल में ढले रंग की थी
न मोहब्बत का जुनूँ था न कोई ख़्वाहिश-ए-लम्स
ये शरारत तो फ़ज़ाओं में छुपे रंग की थी
दिल से निकली थी कोई बात गुलाबी आबी
लब से फूटी हुई सरगोशी हर रंग की थी
क्या सितम था कि वो और हम से मोहब्बत-तलबी
बात मुश्किल थी मगर शोख़ी भरे रंग की थी
आसमाँ हद्द-ए-नज़र शीशा-ए-मय लगता था
शाम भी सुब्ह के रंगों में ढले रंग की थी
उस के लहजे की दमक और ही महसूस हुई
उस की आँखों में चमक आज नए रंग की थी
यूँ तो मैं सह नहीं सकती थी हिना की ख़ुशबू
पर वो शब नर्म हथेली पे सजे रंग की थी
शाख़-दर-शाख़ बड़ी दूर तलक हम भी गए
हात आई नहीं तितली भी हरे रंग की थी
बहर ऐसा कि बहुत डूब गए दिल-ज़दगाँ
मौज ऐसी कि हर इक लम्हा नए रंग की थी








