पज़ीराई - नज़्म

समीना राजासमीना राजा11 Sept 1958 – 30 Oct 2012

1 min read · 12.4K reads

दिल बढ़ा उस की पज़ीराई को

हाथों में उठाए

सब्ज़ जुगनू

नुक़रई गुल

सुर्ख़ नारंजी सुनहरी काँपती लौ का चराग़

ऐसी गुल-रू थी कि जब आती नज़र के सामने

सारी सम्तों में महक उठते थे बाग़

ऐसी मह-रुख़ थी अँधेरे में भी

जब दिल के क़रीब आता कभी उस का ख़याल

इस अदा से सर पे रक्खे

चाँद-तारों से भरा पूरा फ़लक

जैसे हो इक छोटा सा थाल

ऐसी दिलबर थी कि जब रख देती

दिल के दिल पे हाथ

भूल जाता ज़िंदगी के रंज

ग़ैरों के दिए सब ज़ख़्म

अपनों से सुनी हर तल्ख़ बात

और गई तो ले गई

हर इक ख़ुशी हर रौशनी को अपने साथ

ज़िंदगी क्या जगमगाती

बुझ गई जब काएनात

किस तरह ज़िंदा रहा दिल

आदतन धड़का क्या दिल

रास्ते में

बस इसी के रास्ते में

उम्र-भर ठहरा रहा दिल

और ज़हे क़िस्मत चली आती है फिर से

अपने चेहरे पर सजाए

इक नदामत

मुस्कुराहट में ख़जालत

आँख में लेकिन वही पहली क़यामत

खुल उठा है दिल

बढ़ा है सर पे रक्खे

झिलमिलाती आरज़ूओं और उम्मीदों का ताज

दिल बढ़ा

पहली मोहब्बत

और नए ग़म की पज़ीराई को आज

समीना राजा
About the poet

समीना राजा

मूल नाम : समीना राजा जन्म : 11 Sep 1958 | बहावलपुर, पंजाब निधन : 30 Oct 2012

View profile & all 28 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like