तुम्हें तुम्हारे घर से
बिना नोटिस के निकाल दिया गया
मुक़द्दस किताब की बोली लगाई गई
तस्बीह के दाने बिखेर दिए गए
जा-नमाज़ें हमेशा के लिए तह कर दी गईं
जाने इतने बरसों इक पराए घर में
क्यों पड़े रहे तुम
तुम्हें तो उस दम ही चल देना था
जब रातों रात इक चोर ने
तुम्हारे आँगन में सेंध लगाई थी
जब तुम्हारे घर की ईंटों पर से
तुम्हारा नाम मिटाया जा रहा था
तुम्हारे मिम्बर के नीचे
क़ब्ल-ए-मसीह के बीज तलाशे जा रहे थे
तुम्हारे दरवाज़े के बाहर खड़ा
कोई और
तुम्हारे घर में अपना घर देख रहा था
उस ने अपने बाप के वास्ते
राज-महल छोड़ दिया था
तुम ने अपने बच्चों की ख़ातिर
अपना घर क्यों नहीं त्याग दिया
जो तुम्हारे घर के मलबे पर
अपने अपने नाम की तख़्ती लगाना चाहते हैं
उन से कह दो
कि तुम ने और इस सूर्यवंशी ने
उन्हें अपनी विरासत से
कब का आक़ कर दिया है








