क़ासिम

Saadat Hasan MantoSaadat Hasan Manto11 May 1912

16 min read · 14.1K reads

बावर्चीख़ाने की मटमैली फ़िज़ा में बिजली का अंधा सा बल्ब कमज़ोर रोशनी फैला रहा था। स्टोव पर पानी से भरी हुई केतली धरी थी। पानी का खौलाव और स्टोव के हलक़ से निकलते हुए शोले मिल जुल कर मुसलसल शोर बरपा कररहे थे। अंगेठियों में आग की आख़िरी चिनगारियां राख में सो गई थीं। दूर कोने में क़ासिम ग्यारह बरस का लड़का बर्तन मांझने में मसरूफ़ था। ये रेलवे इंस्पेक्टर साहब का ब्वॉय था।

बर्तन साफ़ करते वक़्त ये लड़का कुछ गुनगुना रहा था। ये अलफ़ाज़ ऐसे थे जो उसकी ज़बान से बग़ैर किसी कोशिश के निकल रहे थे, “जी आया साहब! जी आया साहब! बस अभी साफ़ हो जाते हैं साहब।”

अभी बर्तनों को राख से साफ़ करने के बाद उन्हें पानी से धो कर क़रीने से रखना भी था और ये काम जल्दी से न हो सकता था। लड़के की आँखें नींद से बंद हुई जा रही थीं। सर सख़्त भारी हो रहा था मगर काम किए बगै़र आराम... ये क्योंकर मुम्किन था।

स्टोव बदस्तूर एक शोर के साथ नीले शोलों को अपने हलक़ से उगल रहा था। केतली का पानी उसी अंदाज़ में खिलखिला कर हंस रहा था।

दफ़अ’तन लड़के ने नींद के नाक़ाबिल-ए-मग़्लूब हमले को महसूस करके अपने जिस्म को एक जुंबिश दी और “जी आया साहब” गुनगुनाता फिर काम में मशग़ूल होगया।

दीवार गीरों पर चुने हुए बर्तन सोए हुए थे। पानी के नल से पानी की बूंदें नीचे मैली सिल पर टपक रही थीं और उदास आवाज़ पैदा कररही थीं। ऐसा मालूम होता था कि फ़िज़ा पर ग़नूदगी सी तारी है। दफ़अ’तन आवाज़ बलंद हुई।

“क़ासिम! क़ासिम!”

“जी आया साहब!” लड़का इन ही अलफ़ाज़ की गर्दान कर रहा था, भागा भागा अपने आक़ा के पास गया।

इंस्पेक्टर साहब ने गरज कर कहा, “बेवक़ूफ़ के बच्चे, आज फिर यहां सुराही और गिलास रखना भूल गया है।”

“अभी लाया साहब... अभी लाया साहब।”

कमरे में सुराही और गिलास रखने के बाद वो अभी बर्तन साफ़ करने के लिए गया ही था कि फिर उसी कमरे से आवाज़ आई,“क़ासिम... क़ासिम!”

“जी आया साहब!” क़ासिम भागता हुआ फिर अपने आक़ा के पास गया।

“बम्बई का पानी किस क़दर ख़राब है... जाओ पारसी के होटल से सोडा लेकर आओ। बस भागे जाओ, सख़्त प्यास लग रही है।”

“बहुत अच्छा साहब।”

क़ासिम भागा भागा गया और पारसी के होटल से, जो घर से क़रीबन निस्फ़ मील के फ़ासले पर था, सोडे की बोतल ले आया और अपने आक़ा को गिलास में डाल कर दे दी।

“अब तुम जाओ, मगर इस वक़्त तक क्या कर रहे हो? बर्तन साफ़ नहीं हुए क्या?”

“अभी साफ़ हो जाते हैं साहब!”

“बर्तन साफ़ करने के बाद मेरे दोनों काले शू पॉलिश करदेना, मगर देखना एहतियात रहे। चमड़े पर कोई ख़राश न आए। वर्ना...”

क़ासिम को ‘वर्ना’ के बाद जुमला बख़ूबी मालूम था, “बहुत अच्छा साहब,” कह कर वो बावर्चीख़ाना में चला गया और बर्तन साफ़ करने शुरू कर दिए।

अब नींद उसकी आँखों में सिमटी चली आ रही थी। पलकें आपस में मिली जा रही थीं, सर में पिघला हुआ सीसा उतर रहा था... ये ख़याल करते हुए कि साहब के बूट भी अभी पॉलिश करने हैं, क़ासिम ने अपने सर को ज़ोर से जुंबिश दी और वही राग अलापना शुरू कर दिया।

“जी आया साहब, जी आया साहब! बूट साफ़ हो जाते हैं साहब।”

मगर नींद का तूफ़ान हज़ार बंद बांधने पर भी न रुका। अब उसे महसूस हुआ कि नींद ज़रूर ग़लबा पाके रहेगी। पर अभी बर्तनों को धो कर उन्हें अपनी जगह पर रखना बाक़ी था। जब उसने ये सोचा तो एक अ’जीब-ओ-ग़रीब ख़याल उसके दिमाग़ में आया, “भाड़ में जाएं बर्तन और चूल्हे में जाएं शू... क्यों न थोड़ी देर इसी जगह सो जाऊं और फिर चंद लम्हा आराम करने के बाद...”

इस ख़याल को बाग़ियाना तसव्वुर कर के क़ासिम ने तर्क कर दिया और बर्तनों पर जल्दी जल्दी राख मलना शुरू कर दी।

थोड़ी देर के बाद जब नींद फिर ग़ालिब आई तो उसके जी में आई कि उबलता हुआ पानी अपने सर पर उंडेल ले और इस तरह इस ग़ैर मरई ताक़त से जो इस काम में हायल हो रही थी नजात पा जाये मगर पानी इतना गर्म था कि उसके भेजे तक को पिघला देता। चुनांचे मुँह पर ठंडे पानी के छींटे मार मार कर उसने बाक़ीमांदा बर्तन साफ़ किए। ये काम करने के बाद उसने इतमिनान का सांस लिया।

अब वो आराम से सो सकता था और नींद... वो नींद, जिसके लिए उसकी आँखें और दिमाग़ इस शिद्दत से इंतिज़ार कर रहे थे अब बिल्कुल नज़दीक थी।

बावर्चीख़ाने की रोशनी गुल करने के बाद क़ासिम ने बाहर बरामदे में अपना बिस्तर बिछा लिया और लेट गया। इससे पहले कि नींद उसे अपने नर्म-नर्म बाज़ूओं में थाम ले, उसके कान “शू शू” की आवाज़ से गूंज उठे।

“बहुत अच्छा साहब, अभी पालिश करता हूँ।” क़ासिम हड़बड़ा के उठ बैठा।

अभी क़ासिम शू का एक पैर भी अच्छी तरह पॉलिश करने न पाया था कि नींद के ग़लबे ने उसे वहीं सुला दिया।

सूरज की लाल लाल किरणें मकान के शीशों से नुमूदार हुईं, मगर क़ासिम सोया रहा।

जब इंस्पेक्टर साहब ने अपने नौकर को बाहर बरामदे में अपने काले जूतों के पास सोया देखा तो उसे ठोकर मार के जगाते हुए कहा, “ये सुअर की तरह यहां बेहोश पड़ा है और मुझे ख़याल था कि इसने शू साफ़ कर लिए होंगे...”

“नमक हराम! अबे क़ासिम।”

“जी आया साहब!”

क़ासिम फ़ौरन उठ बैठा। हाथ में जब उसने पॉलिश करने का ब्रश देखा और रात के अंधेरे की बजाय दिन की रोशनी देखी तो उसकी जान ख़ता हो गई।

“मैं सो गया था साहब! मगर... मगर शू अभी पॉलिश हो जाते हैं साहब।”

ये कह कर उसने जल्दी जल्दी पॉलिश करना शुरू कर दिया।

पॉलिश करने के बाद उसने अपना बिस्तर बंद किया और उसे ऊपर के कमरे में रखने चला गया।

“क़ासिम!”

“जी आया साहब!”

क़ासिम भागा हुआ नीचे आया और अपने आक़ा के पास खड़ा होगया।

“देखो, आज हमारे यहां मेहमान आयेंगे, इसलिए बावर्चीख़ाने के तमाम बर्तन अच्छी तरह साफ़ कर रखना। फ़र्श धुला हुआ होना चाहिए। इसके इलावा तुम्हें ड्राइंगरूम की तस्वीरें, मेज़ें और कुर्सियां भी साफ़ करना होंगी... समझे! ख़याल रहे मेरी मेज़ पर एक तेज़ धार वाला चाक़ू पड़ा है, उसे मत छेड़ना! मैं अब दफ़्तर जा रहा हूँ, मगर ये काम दो घंटे से पहले पहले हो जाये।”

“बहुत बेहतर साहब।”

इंस्पेक्टर साहब दफ़्तर चले गए। क़ासिम बावर्चीख़ाना साफ़ करने में मशग़ूल हो गया।

डेढ़ घंटे की अनथक मेहनत के बाद उसने बावर्चीख़ाने का सारा काम ख़त्म कर दिया और हाथ पांव साफ़ करने के बाद झाड़न लेकर ड्राइंगरूम में चला गया।

वो अभी कुर्सीयों को झाड़न से साफ़ कर रहा था कि उसके थके हुए दिमाग़ में एक तस्वीर सी खिच गई। क्या देखता है कि उसके गिर्द बर्तन ही बर्तन पड़े हैं और पास ही राख का एक ढेर लग रहा है। हवा ज़ोरों पर चल रही है जिससे वो राख उड़ उड़ कर फ़िज़ा को ख़ाकस्तरी बना रही है। यकायक इस ज़ुल्मत में एक सुर्ख़ आफ़ताब नुमूदार हुआ जिसकी किरनें सुर्ख़ बरछियों की तरह हर बर्तन के सीने में घुस गईं। ज़मीन ख़ून से शराबोर हो गई।

क़ासिम दहश्त ज़दा हो गया और इस वहशतनाक तसव्वुर को दिमाग़ से झटक कर “जी आया साहब, जी आया साहब” कहता फिर अपने काम में मशग़ूल हो गया।

थोड़ी देर के बाद उसके तसव्वुर में एक और मंज़र रक़्स करने लगा। छोटे छोटे लड़के आपस में कोई खेल खेल रहे थे। दफ़अ’तन आंधी चलने लगी जिसके साथ ही एक बदनुमा और भयानक देव नुमूदार हुआ। ये देव उन सब लड़कों को निगल गया। क़ासिम ने ख़याल किया कि वो देव उसके आक़ा के हम शक्ल था। गो कि क़द-ओ-क़ामत के लिहाज़ से वो उससे कहीं बड़ा था। अब उस देव ने ज़ोर ज़ोर से डकारना शुरू किया। क़ासिम सर से पैर तक लरज़ गया।

अभी तमाम कमरा साफ़ करना था और वक़्त बहुत कम रह गया था। चुनांचे क़ासिम ने जल्दी जल्दी कुर्सीयों पर झाड़न मारना शुरू किया। कुर्सीयों का काम ख़त्म करने के बाद वो मेज़ साफ़ करने के लिए बढ़ा तो उसे ख़याल आया, आज मेहमान आरहे हैं। ख़ुदा मालूम कितने बर्तन साफ़ करना पड़ेंगे। नींद कम्बख़्त फिर सताएगी। मुझसे तो कुछ भी न हो सकेगा...

वो ये सोच रहा था और मेज़ पर रखी हुई चीज़ों को पोंछ रहा था। अचानक उसे क़लमदान के पास एक खुला हुआ चाक़ू नज़र आया... वही चाक़ू जिसके मुतअ’ल्लिक़ उसके आक़ा ने कहा था बहुत तेज़ है, चाक़ू का देखना था कि उसकी ज़बान पर ये लफ़्ज़ ख़ुदबख़ुद जारी हो गए... “चाक़ू तेज़ धार चाक़ू! यही तुम्हारी मुसीबत ख़त्म कर सकता है।”

कुछ और सोचे बग़ैर क़ासिम ने तेज़ धार चाक़ू उठा के अपनी उंगली पर फेर लिया। अब वो शाम को बर्तन साफ़ करने की ज़हमत से बहुत दूर था और नींद... प्यारी प्यारी नींद उसे बआसानी नसीब हो सकती थी।

उंगली से ख़ून की सुर्ख़ धार बह रही थी। सामने वाली दवात की सुर्ख़ रोशनाई से कहीं चमकीली। क़ासिम इस ख़ून की धार को मसर्रत भरी नज़रों से देख रहा था और मुँह में गुनगुना रहा था, “नींद, नींद... प्यारी नींद।”

थोड़ी देर बाद वो भागा हुआ अपने आक़ा की बीवी के पास गया जो ज़नानखाना में बैठी सिलाई कर रही थी और अपनी उंगली दिखा कर कहने लगा, “देखिए बीबी जी।”

“अरे क़ासिम ये तू ने क्या किया?... कमबख़्त, साहब के चाक़ू को छेड़ा होगा तू ने!”

क़ासिम मुस्कुरा दिया, “बीबी जी... बस मेज़ साफ़ कर रहा था कि उसने काट खाया।”

“सुअर अब हँसता है, इधर आ, मैं इस पर कपड़ा बांध दूं... पर अब ये तो बता कि आज ये बर्तन तेरा बाप साफ़ करेगा?”

क़ासिम अपनी फ़तह पर जी ही जी में बहुत ख़ुश हुआ।

उंगली पर पट्टी बंधवा कर क़ासिम फिर कमरे में चला आया। मेज़ पर से ख़ून के धब्बे साफ़ करने के बाद उसने ख़ुशी ख़ुशी अपना काम ख़त्म कर दिया। सामने तोते का पिंजरा लटक रहा था। उसकी तरफ़ देख कर क़ासिम ने मसर्रत भरे लहजे में कहा, “अब उस नमक हराम बावर्ची को बर्तन साफ़ करने होंगे... और ज़रूर साफ़ करने होंगे। क्यों मियां मिट्ठू?”

शाम के वक़्त मेहमान आए और चले गए। बावर्चीख़ाना में झूटे बर्तनों का एक तूमार सा लग गया। इंस्पेक्टर साहब क़ासिम की उंगली देख कर बहुत बरसे और जी खोल कर उसे गालियां दीं। मगर उसे मजबूर न कर सके... शायद इस वजह से कि एक बार उनकी अपनी उंगली में क़लम तराश चुभ जाने से बहुत दर्द हुआ था।

आक़ा की ख़फ़्गी आने वाली मसर्रत ने भुला दी और क़ासिम कूदता फाँदता अपने बिस्तर पर जा लेटा। तीन चार रोज़ तक वो बर्तन साफ़ करने की ज़हमत से बचा रहा। मगर इसके बाद उंगली का ज़ख़्म भर आया... अब वही मुसीबत फिर नुमूदार हो गई।

“क़ासिम, साहब की जुराबें और क़मीज़ धो डालो।”

“बहुत अच्छा बीबी जी।”

“क़ासिम इस कमरे का फ़र्श कितना मैला होरहा है। पानी लाकर अभी साफ़ करो, देखना कोई दाग़ धब्बा बाक़ी न रहे!”

“बहुत अच्छा साहब।”

“क़ासिम, शीशे के गिलास कितने चिकने हो रहे हैं, इन्हें नमक से अभी अभी साफ़ करो।”

“अभी करता हूँ बीबी जी।”

“क़ासिम, अभी भंगन आरही है। तुम पानी डालते जाना, वो सीढ़ियां धो डालेगी।”

“बहुत अच्छा साहब।”

“क़ासिम ज़रा भाग के एक आना का दही तो ले आना!”

“अभी चला बीबी जी।”

“पाँच रोज़ इस क़िस्म के अहकाम सुनने में गुज़र गए। क़ासिम काम की ज़्यादती और आराम के क़हत से तंग आ गया। हर रोज़ उसे निस्फ़ शब तक काम करना पड़ता। फिर भी अलस्सुबह चार बजे के क़रीब बेदार हो कर नाशते के लिए चाय तैयार करना पड़ती। ये काम क़ासिम की उम्र के लड़के के लिए बहुत ज़्यादा था।

एक रोज़ इंस्पेक्टर साहब की मेज़ साफ़ करते वक़्त उसका हाथ ख़ुद-बख़ुद चाक़ू की तरफ़ बढ़ा और एक लम्हे के बाद उसकी उंगली से ख़ून बहने लगा। इंस्पेक्टर साहब और उनकी बीवी क़ासिम की इस हरकत पर सख़्त ख़फ़ा हुए। चुनांचे सज़ा की सूरत में उसे शाम का खाना न दिया गया। मगर क़ासिम ख़ुश था... “एक वक़्त रोटी न मिली। उंगली पर मामूली सा ज़ख़्म आगया। मगर बर्तनों का अंबार साफ़ करने से तो नजात मिली गई... ये सौदा क्या बुरा है?”

चंद दिनों के बाद उसकी उंगली का ज़ख़्म ठीक हो गया। अब फिर काम की वही भरमार थी। पंद्रह बीस रोज़ गधों की सी मशक़्क़त में गुज़र गए। इस अ’र्सा में क़ासिम ने बारहा इरादा किया कि चाक़ू से फिर उंगली ज़ख़्मी करले। मगर अब मेज़ पर से वो चाक़ू उठा लिया गया था और बावर्चीख़ाने वाली छुरी कुंद थी।

एक रोज़ बावर्ची बीमार पड़ गया। अब क़ासिम को हर वक़्त बावर्चीख़ाने में रहना पड़ा। कभी मिर्चें पीसता, कभी आटा गूँधता, कभी कोयले सुलगाता, ग़रज़ सुबह से लेकर शाम तक उसके कानों में “अबे क़ासिम ये कर! अबे क़ासिम वो कर!” की सदा गूंजती रहती।

बावर्ची दो रोज़ तक न आया... क़ासिम की नन्ही सी जान और हिम्मत जवाब दे गई। मगर सिवाए काम के और चारा ही क्या था।

एक रोज़ इंस्पेक्टर साहब ने उसे अलमारी साफ़ करने को कहा जिसमें अदवियात की शीशियां और मुख़्तलिफ़ चीज़ें पड़ी थीं। अलमारी साफ़ करते वक़्त उसे दाढ़ी मूंडने का एक ब्लेड नज़र आया। ब्लेड पकड़ते ही उसने अपनी उंगली पर फेर लिया। धार थी बहुत तेज़ उंगली में दूर तक चली गई। जिस से बहुत बड़ा ज़ख़्म बन गया।

क़ासिम ने बहुत कोशिश की कि ख़ून निकलना बंद हो जाये मगर ज़ख़्म का मुँह बड़ा था। सेरों ख़ून पानी की तरह बह गया। ये देख कर क़ासिम का रंग काग़ज़ की मानिंद सपैद हो गया। भागा हुआ इंस्पेक्टर साहब की बीवी के पास गया...

“बीबी जी, मेरी उंगली में साहब का उस्तरा लग गया है।”

जब इंस्पेक्टर साहब की बीवी ने क़ासिम की उंगली को तीसरी मर्तबा ज़ख़्मी देखा तो फ़ौरन मुआ’मले को समझ गई। चुपचाप उठी और कपड़ा निकाल कर उसकी उंगली पर बांध दिया और कहा, “क़ासिम! अब तुम हमारे घर में नहीं रह सकते।”

“क्यों बीबी जी।”

“ये साहब से पूछना।”

साहब का नाम सुनते ही क़ासिम का रंग और पीला पड़ गया।

चार बजे के क़रीब इंस्पेक्टर साहब दफ़्तर से लौटे और अपनी बीवी से क़ासिम की नई हरकत सुन कर उसे फ़ौरन अपने पास बुलाया।

“क्यों मियां, ये उंगली हर रोज़ ज़ख़्मी करने के क्या मा’नी?”

क़ासिम ख़ामोश खड़ा रहा।

“तुम नौकर लोग ये समझते हो कि हम अंधे हैं और हमें बार बार धोका दिया जा सकता है। अपना बोरिया बिस्तर दबा कर नाक की सीध में यहां से भाग जाओ। हमें तुम जैसे नौकरों की ज़रूरत नहीं है, समझे!”

“मगर... मगर साहब।”

“साहब का बच्चा... भाग जा यहां से, तेरी बक़ाया तनख़्वाह का एक पैसा भी नहीं दिया जाएगा। अब मैं और कुछ नहीं सुनना चाहता।”

क़ासिम को अफ़सोस न हुआ बल्कि उसे ख़ुशी महसूस हुई कि चलो काम से कुछ देर के लिए छुट्टी मिल गई। घर से निकल वो अपनी ज़ख़्मी उंगली से बेपर्वा सीधा चौपाटी पहुंचा और वहां साहिल के पास एक बेंच पर लेट गया और ख़ूब सोया।

चंद दिनों के बाद उसकी उंगली का ज़ख़्म बद एहतियाती के बाइ’स सेप्टिक हो गया। सारा हाथ सूज गया। जिस दोस्त के पास वो ठहरा था उसने अपनी दानिस्त के मुताबिक़ उसका बेहतर ईलाज किया मगर तकलीफ़ बढ़ती गई। आख़िर क़ासिम ख़ैराती हस्पताल में दाख़िल हो गया। जहां उसका हाथ काट दिया गया।

अब जब कभी क़ासिम अपना कटा हुआ टूंड मुंड हाथ बढ़ा कर फ्लोरा फाउंटेन के पास लोगों से भीक मांगता है तो उसे वो ब्लेड याद आजाता है जिसने उसे बहुत बड़ी मुसीबत से नजात दिलाई। अब वो जिस वक़्त चाहे सर के नीचे अपनी गुदड़ी रख कर फुटपाथ पर सो सकता है। उसके पास टीन का एक छोटा सा भभका है जिसको कभी नहीं मांझता, इसलिए कि उसे इंस्पेक्टर साहब के घर के वो बर्तन याद आ जाते हैं जो कभी ख़त्म होने में नहीं आते थे।

Saadat Hasan Manto
About the poet

Saadat Hasan Manto

Saadat Hasan Manto (/mɑːn, -tɒ/; Urdu: سعادت حسن منٹو‎, pronounced [səˈaːd̪ət̪ ˈɦəsən ˈməɳʈoː]; 11 May 1912 – 18 January 1955) was a Pakistani writer, playwright and author born in Ludhiana, British India. Writing mainly in the Urdu language, he produced 22 c…

View profile & all 27 Poems / Stories

More from Saadat Hasan Manto

1. ज़माने के जिस दौर से हम गुज़र रहे हैं...

ज़माने के जिस दौर से हम गुज़र रहे हैं, अगर आप उससे वाकिफ़ नहीं हैं तो मेरे अफसाने पढ़िये और अगर आप इन अफसानों को बरदाश्त नहीं कर सकते तो इसका मतलब है कि ज़माना नाक़ाबिले-बरदाश्त है। मेरी तहरीर(लेखन) में कोई नुक़्स नहीं । जिस नुक़्स को मेरे नाम से मनसूब किया जाता है, वह दरअसल मौजूदा निज़ाम का एक नुक़्स है। मैं हंगामा-पसन्द नहीं हूं और लोगों के ख्यालात में हैज़ान पैदा करना नहीं चाहता। मैं तहज़ीब, तमद्दुन, और सोसाइटी की चोली क्या उतारुंगा, जो है ही नंगी। मैं उसे कपड़े पहनाने की कोशिश भी नहीं करता, क्योंकि यह मेरा काम नहीं, दर्ज़ियों का काम है ।

21.4K reads
2. 1919 की एक बात

ये 1919 ईस्वी की बात है, भाईजान, जब रौलेट ऐक्ट के ख़िलाफ़ सारे पंजाब में एजीटेशन हो रहा था। मैं अमृतसर की बात कर रहा हूँ। सर माईकल ओडवायर ने डिफ़ेन्स ऑफ़ इण्डिया रूल्ज़ के मातहत गांधी जी का दाख़िला पंजाब में बन्द कर दिया था। वो इधर आ रहे थे कि पलवाल के मुक़ाम पर उनको रोक लिया गया और गिरफ़्तार करके वापस बम्बई भेज दिया गया। जहाँ तक में समझता हूँ, भाईजान, अगर अँग्रेज़ ये ग़लती न करता तो जलियाँवाला बाग़ का हादसा उस की हुक्मरानी की स्याह तारीख़ में ऐसे ख़ूनीं वर्क़ का इज़ाफ़ा कभी न करता।
क्या मुसलमान, क्या हिन्दू, क्या सिख, सब के दिल में गांधी जी की बेहद इज़्ज़त थी। सब उन्हें महात्मा मानते थे। जब उन की गिरफ़्तारी की ख़बर लाहौर पहुँची तो सारा कारोबार एकदम बन्द हो गया। यहाँ से अमृतसर वालों को मालूम हुआ, चुनाँचे यूँ चुटकियों में मुकम्मल हड़ताल हो गई।
कहते हैं कि नौ अप्रैल की शाम को डाक्टर सत्यपाल और डाक्टर किचलू की ज़िलावतनी के आर्डर डिप्टी कमिशनर को मिल गए थे। वो उन की तामील के लिए तैयार नहीं था क्योंकि उसके ख़्याल के मुताबिक़ अमृतसर में किसी हैजान-ख़ेज बात का ख़तरा नहीं था। लोग पुरअम्न तरीक़े से एहितजाजी जलसे वग़ैरा करते थे। जिनसे तशद्दुद का सवाल ही पैदा नहीं होता था। मैं अपनी आँखों देखा हाल बयान करता हूँ। नौ को रामनवमी थी।। जलूस निकला मगर मजाल है जो किसी ने हुक्काम की मर्ज़ी के ख़िलाफ़ एक क़दम उठाया हो, लेकिन भाईजान, सर माईकल अजब औंधी खोपड़ी का इनसान था। उस ने डिप्टी कमिशनर की एक ना सुनी। उस पर, बस, यही ख़ौफ़ सवार था कि ये लीडर महात्मा गांधी के इशारे पर सामराज का तख़्ता उलटने के दर पे हैं और जो हड़तालें हो रही हैं और जलसे मुनअक़िद होते हैं उनके पस-ए-पर्दा यही साज़िश काम कर रही है।
डाक्टर किचलू और डाक्टर सत्यपाल की ज़िलावतनी की ख़बर आनन-फ़ानन शहर में आग की तरह फैल गई। दिल हर शख़्स का मुकद्दर था। हर वक़्त धड़का-सा लगा रहता था कि कोई बहुत बड़ा हादिसा बरपा होने वाला है, लेकिन, भाईजान, जोश बहुत ज़्यादा था। कारोबार बन्द थे। शहर क़ब्रिस्तान बना हुआ था, पर इस क़ब्रिस्तान की ख़ामोशी में भी एक शोर था। जब डाक्टर किचलू और सत्यपाल की गिरफ़्तारी की ख़बर आई तो लोग हज़ारों की तादाद में इकट्ठे हुए कि मिलकर डिप्टी कमिशनर बहादुर के पास जाएँ और अपने महबूब लीडरों की जिलावतनी के अहकाम मंसूख़ कराने की दरख़ास्त करें। मगर वो ज़माना, भाईजान, दरख़ास्तें सुनने का नहीं था। सर माईकल जैसा फ़िरऔन हाकिम-ए-आला था। उसने दरख़ास्त सुनना तो कुजा लोगों के इस इजतिमा ही को ग़ैरक़ानूनी क़रार दिया।
अमृतसर.......वो अमृतसर जो कभी आज़ादी की तहरीक का सब से बड़ा मर्कज़ था, जिस के सीने पर जलियाँवाला बाग़ जैसा क़ाबिल-ए-फ़ख़्रज़ख़्म था, आज किस हालत में है?.......लेकिन छोड़िए इस क़िस्से को। दिल को बहुत दुख होता है। लोग कहते हैं कि इस मुक़द्दस शहर में जो कुछ आज से पाँच बरस पहले हुआ उस के ज़िम्मेदार भी अँग्रेज़ हैं। होगा भाईजान, पर सच्च पूछिए तो इस लहू में, जो वहाँ बहा है, हमारे अपने ही हाथ रंगे हुए नज़र आते हैं। ख़ैर !.......
डिप्टी कमिशनर साहब का बंगला सिविल लाइन्स में था। हर बड़ा अफ़सर और हर बड़ा टोडी शहर के इस अलग-थलग हिस्से में रहता था.... आप ने अमृतसर देखा है तो आप को मालूम होगा कि शहर और सिविल लाइन्स को मिलाने वाला एक पुल है जिसपर से गुज़रकर आदमी ठण्डी सड़क पर पहुँचता है। जहाँ हाकिमों ने अपने लिए ये अर्ज़ी जन्नत बनाई हुई थी।
हुजूम जब हाल दरवाज़े के क़रीब पहुँचा तो मालूम हुआ कि पुल पर घुड़सवार गोरों का पहरा है। हुजूम बिलकुल न रूका और बढ़ता गया। भाईजान, मैं इसमें शामिल था। जोश कितना था, मैं बयान नहीं कर सकता, लेकिन सब निहत्थे थे। किसी के पास एक मामूली छड़ी तक भी नहीं थी। असल में वो तो सिर्फ़ इस ग़रज़ से निकले थे कि इजतिमाई तौर पर अपनी आवाज़ हाकिम-ए-शहर तक पहुँचाएँ और उस से दरख़ास्त करें कि डाक्टर किचलू और डाक्टर सत्यपाल को ग़ैर मशरूत तौर पर रिहा कर दे। हुजूम पुल की तरफ़ बढ़ता रहा। लोग क़रीब पहुँचे तो गोरों ने फ़ायर शुरू कर दिए। इससे भगदड़ मच गई। वो गिनती में सिर्फ़ बीस-पच्चीस थे और हुजूम सैंकड़ों पर मुश्तमिल था, लेकिन, भाई, गोली की दहश्त बहुत होती है। ऐसीअफ़रा-तफ़री फैली कि अलामां, कुछ गोलियों से घायल हुए और कुछ भगदड़ में ज़ख़्मी हुए।
दाएँ हाथ को गन्दा नाला था। धक्का लगा तो मैं उस में गिर पड़ा। गोलियाँ चलनी बन्द हुईं तो मैंने उठ कर देखा। हुजूम तितर बितर हो चुका था।ज़ख़्मी सड़क पर पड़े थे और पुल पर गोरे खड़े हँस रहे थे। भाईजान, मुझे क़तई याद नहीं कि उस वक़्त मेरी दिमाग़ी हालत किस क़िस्म की थी।मेरा ख़्याल है कि मेरे होश-ओ-हवास पूरी तरह सलामत नहीं थे। गन्दे नाले में गिरते वक़्त तो मुझे कतई होश नहीं था। जब बाहर निकला तो जो हादिसा वक़ूअ पज़ीर हुआ था, उस के ख़द्द-ओ-ख़ाल आहिस्ता-आहिस्ता दिमाग़ में उभरने शुरू हुए।
दूर शोर की आवाज़ सुनाई दे रही थी, जैसे बहुत से लोग ग़ुस्से में चीख़-चिल्ला रहे हैं। मैं गंदा नाला उबूर करके ज़ाहिरा पीर के तकिए से होता हुआ हाल दरवाज़े के पास पहुँचा तो देखा कि तीस चालीस नौजवान जोश में भरे पत्थर उठा-उठा कर दरवाज़े के घड़ियाल पर मार रहे हैं। उस का शीशा टूट कर सड़क पर गिरा तो एक लड़के ने बाकियों से कहा — चलो.... मलिका का बुत तोड़ें!
दूसरे ने कहा — नहीं यार.... कोतवाली को आग लगाएँ!
तीसरे ने कहा — और सारे बैंकों को भी!
चौथे ने उन को रोका — ठहरो.... इस से क्या फ़ायदा... चलो पुल पर उन लोगों को मारें।
मैंने उस को पहचान लिया। ये थैला कंजर था.... नाम मोहम्मद तुफ़ैल था, मगर थैला कंजर के नाम से मशहूर था। इस लिए कि एक तवाइफ़ के बतन से था। बड़ा आवारागर्द था। छोटी उम्र ही में उस को जोय और शराबनोशी की लत पड़ गई थी। इस की दो बहनें शमशाद और अलमास अपने वक़्त की हसीन-तरीन तवाइफ़ें थीं। शमशाद का गला बहुत अच्छा था। उस का मुजरा सुनने के लिए रईस बड़ी-बड़ी दूर से आते थे। दोनोंअपने भाई के करतूतों से बहुत नालाँ थीं। शहर में मशहूर था कि उन्होंने एक क़िस्म का उस को आक़ कर रखा है। फिर भी वो किसी न किसी हीले अपनी ज़रूरीयात के लिए उन से कुछ न कुछ वसूल कर ही लेता था। वैसे वो बहुत ख़ुशपोश रहता था। अच्छा खाता था, अच्छा पीता था। बड़ा नफ़ासत-पसन्द था। हँसोड़पन और लतीफ़ागोई मिज़ाज में कूट-कूट के भरी थी। मीरासियों और भाण्डों के सोक़यानापन से बहुत दूर रहता था।लम्बा क़द, भरे-भरे हाथ-पाँव, मज़बूत कसरती बदन। नाक नक़्शे का भी ख़ासा था।
पुरजोश लड़कों ने उस की बात न सुनी और मलिका के बुत की तरफ़ चलने लगे। उस ने फिर उनसे कहा — मैंने कहा मत ज़ाए करो अपना जोश। इधर आओ मेरे साथ.... चलो उन को मारें, जिन्होंने हमारे बेक़सूर आदमियों की जान ली है और उन्हें ज़ख़्मी किया है..... ख़ुदा की क़सम, हम सब मिलकर उनकी गर्दन मरोड़ सकते हैं... चलो!
कुछ लड़के रवाना हो चुके थे। बाक़ी रुक गए। थैला पुल की तरफ़ बढ़ा तो वे सब उस के पीछे चलने लगे। मैंने सोचा कि माँओं के ये लाल बेकार मौत के मुँह में जा रहे हैं। मैं फव्वारे के पास दुबका खड़ा था। वहीं से मैंने थैले को आवाज़ दी और कहा — मत जाओ यार... क्यों अपनी और उनकी जान के पीछे पड़े हो।
थैले ने यह सुनकर एक अजीब-सा क़हक़हा बुलन्द किया और मुझ से कहा — थैला सिर्फ़ ये बताने चला है कि वो गोलियों से डरने वाला नहीं। फिर वो अपने साथियों से मुख़ातिब हुआ — तुम डरते हो तो वापस जा सकते हो।
ऐसे मौक़ों पर बढ़े हुए क़दम उल्टे कैसे हो सकते हैं। और फिर वो भी उस वक़्त जब लीडर अपनी जान हथेली पर रख कर आगे-आगे जा रहा हो।थैले ने क़दम तेज़ किए तो उसके साथियों को भी करने पड़े।
हाल दरवाज़े से पुल का फ़ासला कुछ ज़्यादा नहीं.... होगा कोई साठ-सत्तर गज़ के क़रीब.... थैला सब से आगे-आगे था। जहाँ से पुल का दोरौया मुतवाज़ी जंगला शुरू होता है, वहाँ से पन्द्रह- बीस क़दम के फ़ासले पर दो घुड़सवार गोरे खड़े थे। थैला नारे लगाता जब बंगले के आग़ाज़ के पास पहुँचा तो फ़ायर हुआ, मैं समझा कि वो गिर पड़ा है... लेकिन देखा कि वो उसी तरह.... ज़िन्दा आगे बढ़ रहा है। उसके बाक़ी साथी डर के भाग उठे हैं। मुड़कर उसने पीछे देखा और चिल्लाया — भागो नहीं.... आओ!
उस का मुँह मेरी तरफ़ था कि एक और फ़ायर हुआ। पलट कर उसने गोरों की तरफ़ देखा और पीठ पर हाथ फेरा... भाईजान, नज़र तो मुझे कुछ नहीं आना चाहिए था, मगर मैंने देखा कि उस की सफ़ेद बोसकी की क़मीज़ पर लाल-लाल धब्बे थे.... वो और तेज़ी से बढ़ा, जैसे ज़ख़्मी शेर... एक और फ़ायर हुआ। वो लड़खड़ाया मगर एकदम क़दम मज़बूत करके वो घुड़सवार गोरे पर लपका और एकाएक न जाने क्या हुआ.... घोड़े की पीठ ख़ाली थी। गोरा ज़मीन पर था और थैला उस के ऊपर.... दूसरे गोरे ने, जो क़रीब था और पहले बौखला गया था, बिदकते हुए घोड़े को रोका और धड़ाधड़ फ़ायर शुरू कर दिए.... इस के बाद जो कुछ हुआ मुझे मालूम नहीं। मैं वहाँ फव्वारे के पास बेहोश हो कर गिर पड़ा।
भाईजान, जब मुझे होश आया तो में अपने घर में था। चन्द पहचान केआदमी मुझे वहाँ से उठा लाए थे। उन की ज़बानी मालूम हुआ कि पुल पर से गोलियाँ खाकर हुजूम उग्र हो गया था। नतीजा इसका ये हुआ कि मलिका के बुत को तोड़ने की कोशिश की गई। टाउन हाल और तीन बैंकों को आग लगी और पाँच या छह यूरोपियन मारे गए। ख़ूब लूट मची।
लूट-खसोट का अँग्रेज़ अफ़सरों को इतना ख़याल नहीं था। पाँच या छःयूरोपियन हलाक हुए थे। इस का बदला लेने के लिए ही जलियाँवाला बाग़ का ख़ूनीं हादिसा हुआ। डिप्टी कमिशनर बहादुर ने शहर की बागडोर जनरल डावर के सपुर्द कर दी। चुनांचे जनरल साहिब ने बारह अप्रैल को फ़ौजियों के साथ शहर के मुख़्तलिफ़ बाज़ारों में मार्च किया और दर्जनों बेगुनाह आदमी गिरफ़्तार किए। तेरह को जलियाँवाला बाग़ में जलसा हुआ। क़रीब-क़रीब पच्चीस हज़ार का मजमा था। शाम के क़रीब जनरल डावर मुसल्लह गोरों और सिखों के साथ वहाँ पहुँचा और निहत्थे आदमियों पर गोलियों की बारिश शुरू कर दी।
उस वक़्त तो किसी को इसका ठीक-ठीक अन्दाज़ा नहीं था कि कितने आदमी मारे गए हैं। लेकिन बाद में जब जाँच हुई तो पता चला कि एक हज़ार हलाक हुए हैं और तीन या चार हज़ार के क़रीब ज़ख़्मी.... लेकिन मैं थैले की बात कर रहा था...। भाईजान, आँखों देखी आप को बता चुका हूँ... बे-ऐब ज़ात ख़ुदा की है। मरहूम में चारों ऐब शरई थे। एक पेशा तवाइफ़ के बतन से था मगर जियाला था.... मैं अब यक़ीन के साथ कह सकता हूँ कि इस मलऊन गोरे की पहली गोली भी उस को लगी थी। आवाज़ सुन कर उस ने जब पलटकर अपने साथियों की तरफ़ देखा था, और उन्हें हौसला दिलाया था, तब जोश की हालत में उस को मालूम नहीं हुआ था कि उसकी छाती में गर्म-गर्म सीसा उतर चुका है। दूसरी गोली उस की पीठ में लगी। तीसरी फिर सीने में.... मैंने देखा नहीं, पर सुना है जब थैले की लाश गोरे से जुदा की गई तो उसके दोनों हाथ उस की गर्दन में इस बुरी तरह से पैवस्त थे कि अलहदा ही नहीं होते थे.... गोरा तब जहन्नुम में जा चुका था...।
दूसरे रोज़, जब थैले की लाश कफ़न-दफ़न के लिए उस के घर वालों के सुपुर्द की गई तो उसका बदन गोलियों से छलनी हो रहा था.... दूसरे गोरे ने तो अपना पूरा पिस्तौल ही उस पर ख़ाली कर दिया था... मेरा ख़याल है, उस वक़्त मरहूम की रूह क़फ़स-ए-उंसुरी से परवाज़ कर चुकी थी। इस शैतान के बच्चे ने सिर्फ़ उस के मुर्दा जिस्म पर चाँदमारी की थी।
कहते हैं, जब थैले की लाश मुहल्ले में पहुँची तो कुहराम मच गया। अपनी बिरादरी में वो इतना मक़बूल नहीं था, लेकिन उस की क़ीमा-क़ीमा लाश देखकर सब धाड़ें मार-मार कर रोने लगे। उस की बहनें शमशाद और अलमास तो बेहोश हो गईं। जब जनाज़ा उठा तो इन दोनों ने ऐसे बीन किए कि सुनने वाले लहू के आँसू रोते रहे।
भाईजान, मैंने कहीं पढ़ा था कि फ़्राँस के इन्क़लाब में पहली गोली वहाँ की एक टखयाई को लगी थी। मरहूम मुहम्मद तुफ़ैल एक तवाइफ़ का लड़का था। इन्क़लाब की इस जद्द-ओ-जहद में उसको जो पहली गोली लगी थी, दसवीं थी या पचासवीं। इस के मुताल्लिक़ किसी ने भी तहक़ीक़ नहीं की। शायद इसलिए कि सोसाइटी में इस ग़रीब का कोई रुतबा नहीं था। मैं तो समझता हूँ कि पंजाब के इस ख़ूनीं ग़ुसल में नहाने वालों की फ़हरिस्त में थैले कंजर का नाम-ओ-निशान तक भी नहीं होगा... और ये भी कोई पता नहीं कि ऐसी कोई फ़हरिस्त तैयार भी हुई थी।
सख़्त हंगामी दिन थे। फ़ौजी हुकूमत का दौर-दौरा था। वो देव, जिसे मार्शल लॉ कहते हैं, शहर के गली-गली कूचे-कूचे में डकारता फिरता था। बहुत अफ़रा-तफ़री के आलम में उस ग़रीब को जल्दी-जल्दी यूँ दफ़न किया गया, जैसे उसकी मौत उसके सोगवार अज़ीज़ों का एक संगीन जुर्म थी जिसके निशानात वो मिटा देना चाहते थे।
बस भाईजान, थैला मर गया। थैला दफ़ना दिया गया और.... और ये कहकर मेरा हमसफ़र पहली मर्तबा कुछ कहते-कहते रुका और ख़ामोश हो गया। ट्रेन दनदनाती हुई जा रही थी। पटरियों की खटाखट ने ये कहना शुरू कर दिया। थैला मर गया... थैला दफ़ना दिया गया.... थैला मर गया.... थैला दफ़ना दिया गया। इस मरने और दफ़नाने के दरमयान कोई फ़ासला नहीं था, जैसे वो इधर मरा और उधर दफ़ना दिया गया। और खट-खट के साथ इन अलफ़ाज़ की हम-आहंगी कुछ इस क़दर जज़्बात से आरी थी कि मुझे अपने दिमाग़ से इन दोनों को जुदा करना पड़ा। चुनाँचे मैंने अपने हम-सफ़र से कहा — आप कुछ और भी सुनाने वाले थे?
चौंक कर उस ने मेरी तरफ़ देखा और बोला — जी हाँ.... इस दास्तान का एक अफ़सोसनाक हिस्सा बाक़ी है।
मैंने पूछा — वह क्या?
उस ने कहना शुरू किया — मैं आप से अर्ज़ कर चुका हूँ कि थैले की दो बहनें थीं। शमशाद और अलमास। बहुत ख़ूबसूरत थीं। शमशाद लम्बी थी।पतले-पतले नक़्श। ग़लाफ़ी आँखें। ठुमरी बहुत ख़ूब गाती थी। सुना है, ख़ाँ साहब, फ़तह अली ख़ां से तालीम लेती रही थी। दूसरी अलमास थी। उस के गले में सुर नहीं था, लेकिन नाचने में अपना सानी नहीं रखती थी। मुजरा करती थी तो ऐसा लगता था कि इस का अंग-अंग बोल रहा है। हर भाव में एक घात होती थी.... आँखों में वो जादू था जो हर एक के सर पर चढ़ के बोलता था।
मेरे हमसफ़र ने तारीफ़-ओ-तौसीफ में कुछ ज़रूरत से ज़्यादा वक़्त लिया। मगर मैंने टोकना मुनासिब न समझा। थोड़ी देर के बाद वो ख़ुद इस लम्बे चक्कर से निकला और दास्तान के अफ़सोनाक हिस्से की तरफ़ आया — क़िस्सा यह है, भाईजान, कि इन आफ़त की परकाला दो बहनों के हुस्न-ओ-जमाल का ज़िक्र किसी ख़ुशामदी ने फ़ौजी अफ़सरों से कर दिया.... बल्वे में एक मेम.... क्या नाम था उस चुड़ैल का?मिस....मिस शेरवुड मारी गई थी.... तय ये हुआ कि उन को बुलवाया जाए और.... और.... जी भर के इंन्तकाम लिया जाए.... आप समझ गए ना, भाई जान?
मैंने कहा — जी हाँ!
मेरे हमसफ़र ने एक आह भरी — ऐसे नाज़ुक मामलों में तवाइफ़ें और कस्बियाँ भी अपनी माँएँ-बहनें होती हैं.... मगर भाईजान ये मुल्क अपनी इज़्ज़त-ओ-नामूस को, मेरा ख़्याल है, पहचानता ही नहीं। जब ऊपर से इलाक़े के थानेदार को आर्डर मिला तो वो फ़ौरन तैयार हो गया। चुनांचे वो ख़ुद शमशाद और अलमास के मकान पर गया और कहा कि साहब लोगों ने याद किया है। वो तुम्हारा मुजरा सुनना चाहते हैं... भाई की क़ब्र की मिट्टी भी अभी तक ख़ुशक नहीं हुई थी। अल्लाह को प्यारा हुए उस ग़रीब को सिर्फ़ दो दिन हुए थे कि ये हाज़िरी का हुक्म सादिर हुआ कि आओ हमारे हुज़ूर नाचो.... अज़िय्यत का इससे बढ़ कर पुर-अज़िय्यत तरीक़ा क्या हो सकता है....? मुस्तबइद तम्सख़ुर की ऐसी मिसाल, मेरा ख़्याल है, शायद ही कोई और मिल सके.... क्या हुक्म देने वालों को इतना ख़याल भी न आया कि तवाइफ़ भी ग़ैरतमन्द होती है? ....हो सकती है... क्यों नहीं हो सकती? उस ने अपने आप से सवाल किया, लेकिन मुख़ातिब वो मुझसे ही था।
मैंने कहा — हाँ, हो सकती है!
— जी हाँ ....थैला आख़िर इन का भाई था। उस ने किसी की मार ख़ाने की लड़ाई-भिड़ाई में अपनी जान नहीं दी थी। वो शराब पी कर दंगा-फ़साद करते हुए हलाक नहीं हुआ था। उसने वतन की राह में बड़े बहादुराना तरीक़े पर शहादत का जाम पिया था। वो एक तवाइफ़ के बतन से था। लेकिन वो तवाइफ़ माँ थी और शमशाद और अलमास उसी की बेटियां थीं और ये थैले की बहनें थीं.... तवाइफ़ें बाद में थीं.... और वो थैले की लाश देख कर बेहोश हो गई थीं। जब उस का जनाज़ा उठा था तो उन्होंने ऐसे बीन किए थे कि सुन कर आदमी लहू रोता था....।
मैंने पूछा — वो गईं?
मेरे हमसफ़र ने इस का जवाब थोड़े वक़फ़े के बाद उदासी से दिया — जी हाँ... जी हाँ गईं... ख़ूब सज बनकर। एक दम उसकी उदासी गहरी हो गई — सोलह सिंगार करके अपने बुलाने वालों के पास गईं.... कहते हैं कि ख़ूब महफ़िल जमी.... दोनों बहनों ने अपने जौहर दिखाए.... ज़रक़-बरक़ पिशवाज़ों में मलबूस वो कोह-ए-क़ाफ़ की परियाँ मालूम होती थीं....शराब के दौर चलते रहे और वो नाचती-गाती रहीं... ये दोनों दौर चलते रहे .... और कहते हैं कि.... रात के दो बजे एक बड़े अफ़सर के इशारे पर महफ़िल बरख़ास्त हुई...।
मेरा हमसफ़र उठ खड़ा हुआ और बाहर भागते हुए दरख़्तों को देखने लगा।पहियों और पटरियों की आहनी गड़गड़ाहट की ताल पर उसके आख़िरी दो लफ़्ज़ नाचने लगे — बरख़ास्त हुई... बरख़ास्त हुई।
मैंने अपने दिमाग़ में उन्हें, आहनी गड़गड़ाहट से नोच कर अलहदा करते हुए उससे पूछा — फिर क्या हुआ?
भागते हुए दरख़्तों और खम्भों से नज़रें हटा कर उस ने बड़े मज़बूत लहजे में कहा — उन्होंने अपनी ज़रक़-बरक़ पिशवाज़ें नोच डालें और अलिफ़ नंगी हो गईं और कहने लगीं.... लो देख लो... हम थैले की बहनें हैं.... उस शहीद की, जिसके ख़ूबसूरत जिस्म को तुमने सिर्फ़ इसलिए अपनी गोलियों से छलनी-छलनी किया था कि उसमें वतन से मोहब्बत करने वाली रूह थी... हम उसी की ख़ूबसूरत बहनें हैं... आओ, अपनी शहवत के गर्म-गर्म लोहे से हमारा ख़ुशबूओं में बसा हुआ जिस्म दागदार करो.... मगर ऐसा करने से पहले सिर्फ़ हमें एक बार अपने मुँह पर थूक लेने दो...।
यह कहकर वो ख़ामोश हो गया। कुछ इस तरह कि और नहीं बोलेगा। मैंने फ़ौरन ही पूछा — फिर क्या हुआ?
उस की आँखों में आँसू डबडबा आए — उनको.... उनको गोली से उड़ा दिया गया।
मैंने कुछ न कहा। गाड़ी आहिस्ता होकर स्टेशन पर रुकी तो उस ने क़ुली बुलाकर अपना अस्बाब उठवाया। जब जाने लगा तो मैं ने उस से कहा — आपने जो दास्तान सुनाई, इस का अंजाम मुझे आप का ख़ुदसाख़्ता मालूम होता है।
एकदम चौंककर उसने मेरी तरफ़ देखा — ये आप ने कैसे जाना?
मैंने कहा — आप के लहजे में एक नाक़ाबिल-ए-बयान कर्ब था।
मेरे हमसफ़र ने अपने हलक़ की तल्ख़ी थूक के साथ निगलते हुए कहा — जी हाँ... उन हराम..., वो गाली देते-देते रुक गया — उन्होंने अपने शहीद भाई के नाम पर बट्टा लगा दिया।
यह कहकर वो प्लेटफार्म पर उतर गया।
(11-12 अक्तूबर1951 ईस्वी)

14.7K reads
3. अक्ल दाढ़

आप मुँह सुजाये क्यों बैठे हैं?भई दाँत में दर्द हो रहा है तुम तो ख़्वाह-मख़्वाह ।

14.6K reads
4. अनार कली

नाम उस का सलीम था मगर उस के यार दोस्त उसे शहज़ादा सलीम कहते थे। ग़ालिबन इस लिए कि उस के ख़द-ओ-ख़ाल मुग़लई थे ख़ूबसूरत था। चाल ढाल से राऊनत टपकती थी।उस का बाप पीडब्ल्यू डी के दफ़्तर में मुलाज़िम था। तनख़्वाह ज़्यादा से ज़्यादा सौ रुपय होगी मगर बड़े ठाट से रहता ज़ाहिर है कि रिश्वत खाता था यही वजह है कि सलीम अच्छे से अच्छा कपड़ा पहनता जेब ख़र्च भी उस को काफ़ी मिलता इस लिए कि वो अपने वालदैन का इकलौता लड़का था।

14.0K reads
5. अंजाम-ए-नजीर

बटवारे के बाद जब फ़िर्का-वाराना फ़सादात शिद्दत इख़्तियार कर गए और जगह जगह हिंदूओं और मुस्लमानों के ख़ून से ज़मीन रंगी जाने लगी तो नसीम अख़तर जो दिल्ली की नौ-ख़ेज़ तवाइफ़ थी अपनी बूढ़ी माँ से कहा चलो माँ यहां से चलेंबूढ़ी बाइका ने अपने पोपले मुँह में पानदान से छालिया के बारीक बारीक टुकड़े डालते हुए उस से पूछा कहाँ जाऐंगे बेटा

13.4K reads

More Poetry & Stories You May Like