ब्लाउज़

Saadat Hasan MantoSaadat Hasan Manto11 May 1912

24 min read · 14.3K reads

कुछ दिनों से मोमिन बहुत बेक़रार था। उसको ऐसा महसूस होता था कि उसका वजूद कच्चा फोड़ा सा बन गया था। काम करते वक़्त, बातें करते हुए हत्ता कि सोचने पर भी उसे एक अजीब क़िस्म का दर्द महसूस होता था। ऐसा दर्द जिसको वो बयान भी करना चाहता तो न कर सकता।

बा'ज़ औक़ात बैठे बैठे वो एक दम चौंक पड़ता। धुन्दले धुन्दले ख़यालात जो आम हालतों में बेआवाज़ बुलबुलों की तरह पैदा हो कर मिट जाया करते हैं। मोमिन के दिमाग़ में बड़े शोर के साथ पैदा होते और शोर ही के साथ फटते थे। इसके इलावा उसके दिल-ओ-दिमाग़ के नर्म-ओ-नाज़ुक पर्दों पर हर वक़्त जैसे ख़ारदार पांव वाली च्यूंटियां सी रेंगती थीं।

एक अजीब क़िस्म का खिंचाव उसके आज़ा में पैदा हो गया था जिसके बाइस उसे बहुत तकलीफ़ होती थी। इस तकलीफ़ की शिद्दत जब बढ़ जाती तो उसके जी में आता कि अपने आपको एक बड़े हावन में डाल दे और किसी से कहे, “मुझे कूटना शुरू कर दो।”

बावर्चीख़ाने में गर्म मसाला कूटते वक़्त जब लोहे से लोहा टकराता और धमकों से छत में एक गूंज सी दौड़ जाती तो मोमिन के नंगे पैरों को ये लरज़िश बहुत भली मालूम होती थी। पैरों के ज़रिये से ये लरज़िश उसकी तनी हुई पिंडलियों और रानों में दौड़ती हुई उसके दिल तक पहुंच जाती, जो तेज़ हवा में रखे हुए दिये की तरह काँपना शुरू कर देता।

मोमिन की उम्र पंद्रह बरस की थी। शायद सोलहवां भी लगा हो। उसे अपनी उम्र के मुतअल्लिक़ सही अंदाज़ा नहीं था। वो एक सेहत मंद और तंदुरुस्त लड़का था जिसका लड़कपन तेज़ क़दमी से जवानी के मैदान की तरफ़ भाग रहा था। इसी दौड़ ने जिससे मोमिन बिल्कुल ग़ाफ़िल था। उसके लहू के हर क़तरे में सनसनी पैदा कर दी थी। वो इसका मतलब समझने की कोशिश करता था मगर नाकाम रहता था।

उसके जिस्म में कई तबदीलियां रुनुमा हो रही थीं। गर्दन जो पहले पतली थी, अब मोटी हो गई थी। बांहों के पट्ठों में एँठन सी पैदा हो गई थी। कंठ निकल रहा था। सीने पर गोश्त की तह मोटी हो गई थी और अब कुछ दिनों से पिस्तानों में गोलियां सी पड़ गई थीं, जगह उभर आई थी, जैसे किसी ने एक एक बरनटा अंदर दाख़िल कर दिया है। उन उभारों को हाथ लगाने से मोमिन को बहुत दर्द महसूस होता था।

कभी कभी काम करने के दौरान में ग़ैर इरादी तौर पर जब उसका हाथ उन गोलियों से छू जाता तो वो तड़प उठता। क़मीज़ के मोटे और खुरदरे कपड़े से भी उसको तकलीफ़देह सरसराहट महसूस होती थी।

ग़ुसलख़ाने में नहाते वक़्त या बावर्चीख़ाने में जब कोई और मौजूद न हो मोमिन अपनी क़मीज़ के बटन खोल कर उन गोलियों को ग़ौर से देखता था। हाथों से मसलता था। दर्द होता, टीसें उठतीं। उसका सारा जिस्म फलों से लदे हुए पेड़ की तरह जिसे ज़ोर से हिलाया गया हो काँप काँप जाता। मगर इसके बावजूद वो इस दर्द पैदा करने वाले खेल में मशग़ूल रहता था।

कभी कभी ज़्यादा दबाने पर ये गोलियां पिचक जातीं और उनके मुँह से लेसदार लुआब निकल आता। उसको देख कर उसका चेहरा कान की लवों तक सुर्ख़ हो जाता। वो समझता कि उससे कोई गुनाह सरज़द हो गया है।

गुनाह और सवाब के मुतअल्लिक़ मोमिन का इल्म बहुत महदूद था। हर वो फ़ेअल जो एक इंसान दूसरे इंसानों के सामने न कर सकता हो, उसके ख़याल के मुताबिक़ गुनाह था। चुनांचे जब शर्म के मारे उसका चेहरा कान की लौ तक सुर्ख़ हो जाता तो वो झट से अपनी क़मीज़ के बटन बंद कर लेता कि आइन्दा ऐसी फ़ुज़ूल हरकत कभी नहीं करेगा। लेकिन इस अह्द के बावजूद दूसरे तीसरे रोज़ तख़लिए में वो फिर इस खेल में मशग़ूल हो जाता।

मोमिन से घर वाले सब ख़ुश थे। वो बड़ा मेहनती लड़का था। हर काम वक़्त पर कर देता था और किसी शिकायत का मौक़ा न देता था। डिप्टी साहब के यहां उसे काम करते हुए सिर्फ़ तीन महीने हुए थे लेकिन इस क़लील अर्से में उसने घर के हर फ़र्द को अपनी मेहनतकश तबीयत से मुतास्सिर कर लिया था।

छः रुपये महीने पर वो नौकर हुआ था। मगर दूसरे महीने ही उसकी तनख़्वाह में दो रुपये बढ़ा दिए गए थे। वो इस घर में बहुत ख़ुश था। इसलिए कि उसकी यहां क़दर की जाती थी। मगर अब कुछ दिनों से वो बेक़रार था। एक अजीब क़िस्म की आवारगी उसके दिमाग़ में पैदा हो गई थी। उसका जी चाहता था कि सारा दिन बेमतलब बाज़ारों में घूमता फिरे या किसी सुनसान मुक़ाम पर जा कर लेटा रहे।

अब काम में उसका जी नहीं लगता था लेकिन इस बेदिली के होते हुए भी वो काहिली नहीं बरतता था। चुनांचे यही वजह है कि घर में कोई भी उसके अंदरूनी इंतिशार से वाक़िफ़ नहीं था। रज़िया थी सो वो दिन भर बाजा बजाने, नई नई फ़िल्मी तरज़ें सीखने और रिसाले पढ़ने में मसरूफ़ रहती थी।

उसने कभी मोमिन की निगरानी ही नहीं की थी। शकीला अलबत्ता मोमिन से इधर-उधर के काम लेती थी और कभी-कभी उसे डाँटती भी थी। मगर अब कुछ दिनों से वो भी चंद ब्लाउज़ों के नमूने उतारने में बेतरह मशग़ूल थी। ये ब्लाउज़ उसकी एक सहेली के थे, जिसे नई नई तराशों के कपड़े पहनने का बहुत शौक़ था।

शकीला उससे आठ ब्लाउज़ मांग कर लाई थी और काग़ज़ों पर उनके नमूने उतार रही थी। चुनांचे उसने भी कुछ दिनों से मोमिन की तरफ़ ध्यान नहीं दिया था।

डिप्टी साहब की बीवी सख़्तगीर औरत नहीं थी। घर में दो नौकर थे यानी मोमिन के इलावा एक बुढ़िया भी थी। ज़्यादातर बावर्चीख़ाने का काम यही करती थी। मोमिन कभी कभी उसका हाथ बटा दिया करता था। डिप्टी साहब की बीवी ने मुम्किन है मोमिन की मुस्तइद्दी में कोई कमी देखी हो। मगर उसने मोमिन से इसका ज़िक्र नहीं किया था और वो इन्क़िलाब जिसमें से मोमिन का दिल-ओ-दिमाग़ और जिस्म गुज़र रहा था। उससे तो डिप्टी साहब की बीवी बिल्कुल ग़ाफ़िल थी।

चूँकि उसका कोई लड़का नहीं था इसलिए वो, मोमिन की ज़ेहनी और जिस्मानी तबदीलियों को नहीं समझ सकती थी और फिर मोमिन नौकर था... नौकरों के मुतअल्लिक़ कौन ग़ौर-ओ-फ़िक्र करता है? बचपन से लेकर बुढ़ापे तक वो तमाम मंज़िलें पैदल तय कर जाते हैं और आस-पास के आदमियों को ख़बर तक नहीं होती।

मोमिन का भी बिल्कुल यही हाल था। वो कुछ दिनों से मोड़ मुड़ता ज़िंदगी के एक ऐसे रास्ते पर आ निकला था जो ज़्यादा लंबा तो नहीं था, मगर बेहद पुरख़तर था। उस रास्ते पर उसके क़दम कभी तेज़ तेज़ उठते थे। कभी हौले-हौले।

वो दरअसल जानता नहीं था कि ऐसे रास्तों पर किस तरह चलना चाहिए। उन्हें जल्दी तय कर जाना चाहिए या कुछ वक़्त लेकर आहिस्ता-आहिस्ता इधर-उधर की चीज़ों का सहारा लेकर तय करना चाहिए। मोमिन के नंगे पांव के नीचे आने वाले शबाब की गोल गोल चिकनी बट्टियां फिसल रही थीं। वो अपना तवाज़ुन बरक़रार नहीं रख सकता था।

वो बेहद मुज़्तरिब था। इसी इज़्तिराब के बाइस कई बार काम करते करते चौंक कर वो ग़ैर इरादी तौर पर किसी खूंटी को दोनों हाथों से पकड़ लेता और उसके साथ लटक जाता। फिर उसके दिल में ख़्वाहिश पैदा होती कि टांगों से पकड़ कर उसे कोई, इतना खींचे कि वो एक महीन तार बन जाये। ये सब बातें उसके दिमाग़ के किसी ऐसे गोशे में पैदा होती थीं कि वो ठीक तौर पर उनका मतलब नहीं समझ सकता था।

ग़ैर शुऊरी तौर पर वो चाहता था कि कुछ हो... क्या हो?... बस कुछ हो। मेज़ पर करीने से चुनी हुई प्लेटें एक दम उछलना शुरू कर दें। केतली पर रखा हुआ ढकना पानी के एक ही उबाल से ऊपर को उड़ जाये। नल की जसती नाली पर दबाव डाले तो वो दुहरी हो जाये और उसमें से पानी का एक फ़व्वारा सा फूट निकले।

उसे एक ऐसी ज़बरदस्त अंगड़ाई आए कि उसके सारे जोड़ अलाहिदा अलाहिदा हो जाएं और एक ढीलापन पैदा हो जाये... कोई ऐसी बात वक़ूअ पज़ीर हो जो उसने पहले कभी न देखी हो।

मोमिन बहुत बेक़रार था।

रज़िया नई फ़िल्मी तरज़ें सीखने में मशग़ूल थी और शकीला काग़ज़ों पर ब्लाउज़ों के नमूने उतार रही थी और जब उसने ये काम ख़त्म कर लिया तो वो नमूना जो उनमें सब से अच्छा था, सामने रख कर अपने लिए ऊदी साटन का ब्लाउज़ बनाना शुरू किया। अब रज़िया को भी अपना बाजा और फ़िल्मी गानों की कापी छोड़कर उसकी तरफ़ मुतवज्जा होना पड़ा।

शकीला हर काम बड़े एहतिमाम और चाव से करती थी। जब सीने-पिरोने बैठती तो उसकी नशिस्त बड़ी पुर इत्मिनान होती थी। अपनी छोटी बहन रज़िया की तरह वो अफ़रातफ़री पसंद नहीं करती थी। एक एक टांका सोच समझ कर बड़े इत्मिनान से लगाती थी ताकि ग़लती का इमकान न रहे। पैमाइश भी उसकी बहुत सही होती थी। इसलिए कि वो पहले काग़ज़ काट कर फिर कपड़ा काटती थी। यूं वक़्त ज़्यादा सर्फ़ होता था, मगर चीज़ बिल्कुल फ़िट तैयार होती थी।

शकीला भरे-भरे जिस्म की सेहतमंद लड़की थी। उसके हाथ बहुत गुदगुदे थे, गोश्त भरी मख़्रूती उंगलियों के आख़िर में हर जोड़ पर एक नन्हा गढ़ा था। जब वो मशीन चलाती थी ये नन्हे-नन्हे गढ़े हाथ की हरकत से कभी कभी ग़ायब भी हो जाते थे।

शकीला मशीन भी बड़े इत्मिनान से चलाती थी। आहिस्ता आहिस्ता उसकी दो या तीन उंगलियां बड़ी रानाई के साथ मशीन की हथि को घुमाती थी, उसकी कलाई में एक हल्का सा ख़म पैदा हो जाता था। गर्दन ज़रा उस तरफ़ को झुक जाती थी और बालों की एक लट जिसे शायद अपने लिए कोई मुस्तक़िल जगह नहीं मिलती थी नीचे फिसल आती थी। शकीला अपने काम में इस क़दर मुनहमिक रहती कि उसे हटाने या जमाने की कोशिश नहीं करती थी।

जब शकीला ऊदी साटन सामने फैला कर अपने माप का ब्लाउज़ तराशने लगी तो उसे टेप की ज़रूरत महसूस हुई, क्योंकि उनका अपना टेप घिस घिसा कर अब बिल्कुल टुकड़े टुकड़े हो गया था। लोहे का ग़ज़ मौजूद था। मगर उससे कमर और सीने की पैमाइश कैसे हो सकती है। उसके अपने कई ब्लाउज़ मौजूद थे मगर अब चूँकि वो पहले से कुछ मोटी हो गई थी इसलिए सारी पैमाइशें दुबारा करना चाहती थी।

क़मीज़ उतार कर उसने मोमिन को आवाज़ दी। जब वो आया तो उससे कहा, “जाओ मोमिन दौड़ कर छः नंबर से कपड़े का ग़ज़ ले आओ। कहना शकीला बीबी मांगती हैं।”

मोमिन की निगाहें शकीला की सफ़ेद बनियान के साथ टकराईं। वो कई बार शकीला बीबी को ऐसी बनियानों में देख चुका था मगर आज उसे एक क़िस्म की झिजक महसूस हुई। उसने अपनी निगाहों का रुख़ दूसरी तरफ़ फेर लिया और घबराहट में कहा, “कैसा गज़ बीबी जी।”

शकीला ने जवाब दिया, “कपड़े का ग़ज़... एक गज़ तो ये तुम्हारे सामने पड़ा है, ये लोहे का है। एक दूसरा गज़ भी होता है जो कपड़े का बना होता है। जाओ छः नंबर में जाओ और दौड़ के उनसे ये गज़ ले आओ। कहना शकीला बीबी मांगती हैं।”

छः नंबर का फ़्लैट बिल्कुल क़रीब था। मोमिन फ़ौरन ही कपड़े का ग़ज़ लेकर आगया। शकीला ने ये गज़ उसके हाथ से लिया और कहा, “यहीं ठहर जाओ। उसे अभी वापस ले जाना।” फिर वो अपनी बहन रज़िया से मुख़ातिब हुई, “इन लोगों की कोई चीज़ ज़्यादा देर अपने पास रख ली जाये तो वो बुढ़िया तक़ाज़े कर करके परेशान कर देती है... इधर आओ और ये गज़ लो और यहां से मेरा नाप लो।”

रज़िया ने शकीला की कमर और सीने का नाप लेना शुरू किया तो उनके दरमियान कई बातें हुई। मोमिन दरवाज़े की दहलीज़ में खड़ा तकलीफ़देह ख़ामोशी से ये बातें सुनता रहा।

“रज़िया तुम गज़ को खींच कर नाप क्यों नहीं लेतीं... पिछली दफ़ा भी यही हुआ। तुमने नाप लिया और मेरे ब्लाउज़ का सत्यानास हो गया। ऊपर के हिस्से पर अगर कपड़ा फिट न आए तो इधर उधर बग़लों में झोल पड़ जाते हैं।”

“कहाँ का लूं, कहाँ का न लूं। तुम तो अजब मख़मसे में डाल देती हो। यहां का नाप लेना शुरू किया था तो तुमने कहा ज़रा और नीचे कर लो... ज़रा छोटा बड़ा हो गया तो कौन सी आफ़त आ जाएगी।”

“भई वाह... चीज़ के फ़िट होने में तो सारी ख़ूबसूरती है। सुरय्या को देखो, कैसे फ़िट कपड़े पहनती है। मजाल है जो कहीं शिकन पड़े, कितने ख़ूबसूरत मालूम होते हैं ऐसे कपड़े... लो अब तुम नाप को...”

ये कह कर शकीला ने सांस के ज़रिये से अपना सीना फुलाना शुरू किया। जब अच्छी तरह फूल गया तो सांस रोक कर उसने घुटी घुटी आवाज़ में कहा, “लो अब जल्दी करो।”

जब शकीला ने सीने की हवा ख़ारिज की तो मोमिन को ऐसा महसूस हुआ, उसके अंदर के कई गुब्बारे फट गए हैं। उसने घबरा कर कहा, “गज़ लाइए बीबी जी... मैं दे आऊं।”

शकीला ने उसे झिड़क दिया, “ज़रा ठहर जाओ।”

ये कहते हुए कपड़े का ग़ज़ उसके नंगे बाज़ू से लिपट गया। जब शकीला ने उसे उतारने की कोशिश की तो मोमिन को सफ़ेद बग़ल में काले काले बालों का एक गुच्छा नज़र आया। मोमिन की अपनी बग़लों में भी ऐसे ही बाल उग रहे थे। मगर ये गुच्छा उसे बहुत भला मालूम हुआ।

एक सनसनी सी उसके सारे बदन में दौड़ गई। एक अजीब-ओ-ग़रीब ख़्वाहिश उसके दिल में पैदा हुई कि काले काले बाल उसकी मूंछें बन जाएं... बचपन में वो भुट्टों के काले और सुनहरे बाल निकाल कर अपनी मूंछें बनाया करता था। उनको अपने बालाई होंट पर जमाते वक़्त जो सरसराहट उसे महसूस हुआ करती थी, उसी क़िस्म की सरसराहट इस ख़्वाहिश ने उसके बालाई होंट और नाक में पैदा कर दी।

शकीला का बाज़ू अब नीचे झुक गया था और उसकी बग़ल छुप गई थी। मगर मोमिन अब भी काले काले बालों का वो गुच्छा देख रहा था। उसके तसव्वुर में शकीला का बाज़ू देर तक वैसे ही उठा रहा और बग़ल में उसके स्याह बाल झांकते रहे।

थोड़ी देर के बाद शकीला ने मोमिन को गज़ दे दिया और कहा, “जाओ, उसे वापस दे आओ। कहना बहुत बहुत शुक्रिया अदा किया है।”

मोमिन गज़ वापस दे कर बाहर सहन में बैठ गया। उसके दिल-ओ-दिमाग़ में धुँदले धुँदले से ख़याल पैदा हो रहे थे। देर तक वो उनका मतलब समझने की कोशिश करता रहा। जब कुछ समझ में न आया तो उसने ग़ैर इरादी तौर पर अपना छोटा सा ट्रंक खोला जिसमें उसने ईद के लिए नए कपड़े बनवा कर रखे थे।

जब ट्रंक का ढकना खुला और नए लट्ठे की बू उसकी नाक तक पहुंची तो उसके दिल में ख़्वाहिश पैदा हुई कि नहा-धो कर और ये नए कपड़े पहन कर वो सीधा शकीला बीबी के पास जाये और उसे सलाम करे... उसकी लट्ठे की शलवार किस तरह खड़ खड़ करेगी और उसकी रूमी टोपी...

रूमी टोपी का ख़याल आते ही मोमिन की निगाहों के सामने उसका फुंदना आगया और फुंदना फ़ौरन ही उन काले काले बालों के गुच्छे में तबदील हो गया, जो उसने शकीला की बग़ल में देखा था।

उसने कपड़ों के नीचे से अपनी नई रूमी टोपी निकाली और उसके नर्म और लचकीले फुंदने पर हाथ फेरना शुरू ही किया था कि अंदर से शकीला बीबी की आवाज़ आई, “मोमिन।”

मोमिन ने टोपी ट्रंक में रखी, ढकना बंद किया और अन्दर चला गया। जहां शकीला नमूने के मुताबिक़ ऊदी साटन के कई टुकड़े काट चुकी थी।

उन चमकीले और फिसल फिसल जाने वाले टुकड़ों को एक जगह रख कर वो मोमिन की तरफ़ मुतवज्जा हुई, “मैंने तुम्हें इतनी आवाज़ें दीं। सो गए थे क्या?”

मोमिन की ज़बान में लुक़्नत पैदा हो गई, “नहीं बीबी जी।”

“तो क्या कर रहे थे?”

“कुछ... कुछ भी नहीं?”

“कुछ तो ज़रूर करते होगे,” शकीला ये सवाल किए जा रही थी। मगर उसका ध्यान असल में ब्लाउज़ की तरफ़ था जिसे अब उसे कच्चा करना था।

मोमिन ने खिसियानी हंसी के साथ जवाब दिया, “ट्रंक खोल कर अपने नए कपड़े देख रहा था।”

शकीला खिलखिला कर हंसी। रज़िया ने भी उसका साथ दिया।

शकीला को हंसते देख कर मोमिन को एक अजीब सी तस्कीन हुई और उस तस्कीन ने उसके दिल में ये ख़्वाहिश पैदा की कि वो कोई ऐसी मज़हकाख़ेज़ तौर पर अहमक़ाना हरकत करे जिससे शकीला को और ज़्यादा हँसने का मौक़ा मिले। चुनांचे लड़कियों की तरह झेंप कर और लहजे में शर्माहट पैदा करके उसने कहा, “बड़ी बीबी जी से पैसे लेकर मैं रेशमी रूमाल भी लाऊँगा।”

शकीला ने हंसते हुए उससे पूछा, “क्या करोगे उस रूमाल को?”

मोमिन ने झेंप कर जवाब दिया, “गले में बांध लूंगा बीबी जी... बड़ा अच्छा मालूम होगा।”

ये सुन कर शकीला और रज़िया दोनों देर तक हंसती रहीं।

“गले में बांधोगे तो याद रखना मैं उसी से फांसी दे दूंगी तुम्हें।” ये कह कर शकीला ने अपनी हंसी दबाने की कोशिश की और रज़िया से कहा, “कम्बख़्त ने मुझे काम ही भुला दिया। रज़िया मैंने इसे क्यों बुलाया था?”

रज़िया ने जवाब न दिया और वो नई फ़िल्मी तर्ज़ गुनगुनाना शुरू की जो वो दो रोज़ से सीख रही थी। इस दौरान में शकीला को ख़ुद ही याद आ गया कि उसने मोमिन को क्यों बुलाया था, “देखो मोमिन। मैं तुम्हें ये बनियान उतार कर देती हूँ। दवाईयों की दूकान के पास जो एक दुकान नई खुली है ना, वही जहां तुम उस दिन मेरे साथ गए थे। वहां जाओ और पूछ के आओ कि ऐसी छः बिनयानों का वो क्या लेगा... कहना हम पूरी छः लेंगे। इसलिए कुछ रियायत ज़रूर करे... समझ लिया ना?”

मोमिन ने जवाब दिया, “जी हाँ।”

“अब तुम परे हट जाओ।”

मोमिन बाहर निकल कर दरवाज़े की ओट में हो गया। चंद लम्हात के बाद बनियान उसके क़दमों के पास आकर गिरा और अंदर से शकीला की आवाज़ आई, “कहना हम इसी क़िस्म, इसी डिज़ाइन की बिल्कुल यही चीज़ लेंगे। फ़र्क़ नहीं होना चाहिए।”

मोमिन ने “बहुत अच्छा” कह कर बनियान उठा लिया जो पसीने के बाइस कुछ कुछ गीला हो रहा था जैसे किसी ने भाप पर रख कर फ़ौरन ही हटा लिया हो। बदन की बू भी उसमें बसी हुई थी। मीठी मीठी गर्मी भी थी। ये तमाम चीज़ें उसको बहुत भली मालूम हुईं।

वो इस बनियान को जो बिल्ली के बच्चे की तरह मुलायम था, अपने हाथों में मसलता बाहर चला गया। जब भाव वाओ दरयाफ़्त करके बाज़ार से वापस आया तो शकीला ब्लाउज़ की सिलाई शुरू कर चुकी थी। उस स्याही माइल साटन के ब्लाउज़ की जो मोमिन की रूमी टोपी के फुंदने से कहीं ज़्यादा चमकीली और लचकदार थी।

ये ब्लाउज़ शायद ईद के लिए तैयार किया जा रहा था क्योंकि ईद अब बिल्कुल क़रीब आ गई थी। मोमिन को एक दिन में कई बार बुलाया गया। धागा लाने के लिए, इस्त्री निकालने के लिए। सूई टूटी तो नई सूई लाने के लिए।

शाम के क़रीब जब शकीला ने दूसरे रोज़ पर बाक़ी काम उठा दिया तो धागे के टुकड़े और ऊदी साटन की बेकार कतरनें उठाने के लिए भी उसे बुलाया गया। मोमिन ने अच्छी तरह जगह साफ़ कर दी।

बाक़ी सब चीज़ें उठा कर बाहर फेंक दीं। मगर ऊदी साटन की चमकदार कतरनें अपनी जेब में रख लीं... बिल्कुल बेमतलब क्योंकि उसे मालूम नहीं था कि वो उनको क्या करेगा?

दूसरे रोज़ उसने जेब से कतरनें निकालीं और अलग बैठ कर उनके धागे अलग करने शुरू कर दिए। देर तक वो इस खेल में मशग़ूल रहा। हत्ता कि धागे के छोटे-बड़े टुकड़ों का एक गुच्छा सा बन गया। उसको हाथ में लेकर वो दबाता रहा, मसलता रहा... लेकिन उसके तसव्वुर में शकीला की वही बग़ल थी जिसमें उसने काले-काले बालों का छोटा सा गुछा देखा था।

उस दिन भी उसे शकीला ने उसे कई बार बुलाया... काली साटन के ब्लाउज़ की हर शक्ल उसकी निगाहों के सामने आती रही। पहले जब उसे कच्चा किया गया था तो उस पर सफ़ेद धागे के बड़े बड़े टाँके जा-ब-जा फैले हुए थे। फिर उस पर इस्त्री की गई। जिससे सब शिकनें दूर हो गईं और चमक भी दो बाला हो गई।

उसके बाद कच्ची हालत ही में शकीला ने उसे पहना, रज़िया को दिखाया। दूसरे कमरे में सिंघार मेज़ के पास जा कर आईने में ख़ुद उसको हर पहलू से अच्छी तरह देखा। जब पूरा इत्मिनान हो गया तो उसे उतारा, जहां-जहां तंग या खुला था, वहां निशान बनाए और उसकी सारी खामियां दूर कीं। एक बार फिर पहन कर देखा। जब बिल्कुल फिट हो गया तो पक्की सिलाई शुरू की।

उधर ऊदी साटन का ये ब्लाउज़ सिया जा रहा था। उधर मोमिन के दिमाग़ में अजीब-ओ-ग़रीब ख़यालों के जैसे टाँके से उधड़ रहे थे... जब उसे कमरे में बुलाया जाता और उसकी निगाहें चमकीली साटन के ब्लाउज़ पर पड़तीं तो उसका जी चाहता कि वो हाथ से छू कर उसे देखे। सिर्फ़ छू कर ही नहीं देखे... बल्कि उसकी मुलायम और रोएँदार सतह पर देर तक हाथ फेरता रहे... अपने खुरदरे हाथ।

उसने उन साटन के टुकड़ों से उसकी मुलायमी का अंदाज़ा कर लिया था। धागे जो उसने इन टुकड़ों से निकाले थे और भी ज़्यादा मुलायम हो गए थे। जब उसने उनका गुच्छा बनाया था तो दबाते वक़्त उसे मालूम हुआ कि उनमें रबड़ सी लचक भी है।

वो जब अंदर आकर ब्लाउज़ को देखता उसका ख़याल फ़ौरन उन बालों की तरफ़ दौड़ जाता जो उसने शकीला की बग़ल में देखे थे। काले काले बाल मोमिन सोचता था, क्या वो भी इस साटन ही की तरह मुलायम होंगे।

ब्लाउज़ बिलआख़िर तैयार हो गया... मोमिन कमरे के फ़र्श पर गीला कपड़ा फेर रहा था कि शकीला अंदर आई। क़मीज़ उतार कर उसने पलंग पर रखी। उसके नीचे उसी क़िस्म का सफ़ेद बनियान था जिसका नमूना लेकर मोमिन भाव दरयाफ़्त करने गया था... उसके ऊपर शकीला ने अपने हाथ का सिला हुआ ब्लाउज़ पहना। सामने के हुक लगाए और आईने के सामने खड़ी हो गई।मोमिन ने फ़र्श साफ़ करते करते आईने की तरफ़ देखा।

ब्लाउज़ में अब जान सी पड़ गई थी... एक दो जगह पर वो इस क़दर चमकता था कि मालूम होता था साटन का रंग सफ़ेद हो गया है... शकीला की पीठ मोमिन की तरफ़ थी जिस पर रीढ़ की हड्डी की लंबी झुर्री। ब्लाउज़ फ़िट होने के बाइस अपनी पूरी गहराई के साथ नुमायां थी, मोमिन से न रहा गया। चुनांचे उसने कहा, “बीबी जी। आपने तो दर्ज़ियों को भी मात कर दिया!”

शकीला अपनी तारीफ़ सुन कर ख़ुश हुई। मगर वो रज़िया की राय तलब करने के लिए बेक़रार थी। इसलिए वो सिर्फ़ "अच्छा सिला है न?" कह कर बाहर दौड़ गई... मोमिन आईने की तरफ़ देखता रह गया जिसमें ब्लाउज़ का स्याह और चमकीला अक्स देर तक मौजूद रहा।

रात को जब वो फिर उस कमरे में सुराही रखने के लिए आया तो उसने खूंटी पर लकड़ी के हैंगर में उस ब्लाउज़ को देखा। कमरे में कोई मौजूद नहीं था। चुनांचे आगे बढ़ कर पहले उसने ग़ौर से देखा। फिर डरते डरते उस पर हाथ फेरा। ऐसा करते हुए उसे ये महसूस हुआ कि कोई उसके जिस्म के मुलायम रोएँ पर हौले-हौले बिल्कुल हवाई लम्स की तरह हाथ फेर रहा है।

रात को जब वो सोया तो उसने कई ऊट-पटांग ख़्वाब देखे... डिप्टी साहब ने पत्थर के कोयलों का एक बड़ा ढेर उसे कूटने को कहा। जब उसने एक कोयला उठाया और उस पर हथौड़े की एक ज़र्ब लगाई तो वो नर्म-नर्म बालों का एक गुच्छा बन गया... ये काली खांड के महीन महीन तार थे जिन का गोला बना हुआ था... फिर ये गोले काले रंग के गुब्बारे बन कर हवा में उड़ना शुरू हुए... बहुत ऊपर जा कर ये फटने लगे।

फिर आंधी आ गई और मोमिन की रूमी टोपी का फुंदना कहीं ग़ायब हो गया... फुंदने की तलाश में वो निकला... देखी और अनदेखी जगहों में घूमता रहा... नए लट्ठे की बू भी कहीं से आना शुरू हुई। फिर न जाने क्या हुआ। एक काली साटन के ब्लाउज़ पर उसका हाथ पड़ा... कुछ देर वो इस धड़कती हुई चीज़ पर हाथ फेरता रहा। फिर दफ़अतन हड़बड़ा के उठ बैठा।

थोड़ी देर तक वो कुछ न समझ सका कि क्या हो गया है। इसके बाद उसे ख़ौफ़, तअज्जुब और एक अनोखी टीस का एहसास हुआ। उसकी हालत उस वक़्त अजीब-ओ-ग़रीब थी... पहले उसे तकलीफ़देह हरारत महसूस हुई थी मगर चंद लमहात के बाद एक ठंडी सी लहर उसके जिस्म पर रेंगने लगी।

Saadat Hasan Manto
About the poet

Saadat Hasan Manto

Saadat Hasan Manto (/mɑːn, -tɒ/; Urdu: سعادت حسن منٹو‎, pronounced [səˈaːd̪ət̪ ˈɦəsən ˈməɳʈoː]; 11 May 1912 – 18 January 1955) was a Pakistani writer, playwright and author born in Ludhiana, British India. Writing mainly in the Urdu language, he produced 22 c…

View profile & all 27 Poems / Stories

More from Saadat Hasan Manto

  1. ज़माने के जिस दौर से हम गुज़र रहे हैं...

    ज़माने के जिस दौर से हम गुज़र रहे हैं, अगर आप उससे वाकिफ़ नहीं हैं तो मेरे अफसाने पढ़िये और अगर आप इन अफसानों को बरदाश्त नहीं कर सकते तो इसका मतलब है कि ज़माना नाक़ाबिले-बरदाश्त है। मेरी तहरीर(लेखन) में कोई नुक़्स नहीं । जिस नुक़्स को मेरे नाम से मनसूब किया जाता है, वह दरअसल मौजूदा निज़ाम का एक नुक़्स है। मैं हंगामा-पसन्द नहीं हूं और लोगों के ख्यालात में हैज़ान पैदा करना नहीं चाहता। मैं तहज़ीब, तमद्दुन, और सोसाइटी की चोली क्या उतारुंगा, जो है ही नंगी। मैं उसे कपड़े पहनाने की कोशिश भी नहीं करता, क्योंकि यह मेरा काम नहीं, दर्ज़ियों का काम है ।

    21.4K reads
  2. 1919 की एक बात

    <br />ये 1919 ईस्वी की बात है, भाईजान, जब रौलेट ऐक्ट के ख़िलाफ़ सारे पंजाब में एजीटेशन हो रहा था। मैं अमृतसर की बात कर रहा हूँ। सर माईकल ओडवायर ने डिफ़ेन्स ऑफ़ इण्डिया रूल्ज़ के मातहत गांधी जी का दाख़िला पंजाब में बन्द कर दिया था। वो इधर आ रहे थे कि पलवाल के मुक़ाम पर उनको रोक लिया गया और गिरफ़्तार करके वापस बम्बई भेज दिया गया। जहाँ तक में समझता हूँ, भाईजान, अगर अँग्रेज़ ये ग़लती न करता तो जलियाँवाला बाग़ का हादसा उस की हुक्मरानी की स्याह तारीख़ में ऐसे ख़ूनीं वर्क़ का इज़ाफ़ा कभी न करता।<br />क्या मुसलमान, क्या हिन्दू, क्या सिख, सब के दिल में गांधी जी की बेहद इज़्ज़त थी। सब उन्हें महात्मा मानते थे। जब उन की गिरफ़्तारी की ख़बर लाहौर पहुँची तो सारा कारोबार एकदम बन्द हो गया। यहाँ से अमृतसर वालों को मालूम हुआ, चुनाँचे यूँ चुटकियों में मुकम्मल हड़ताल हो गई।<br />कहते हैं कि नौ अप्रैल की शाम को डाक्टर सत्यपाल और डाक्टर किचलू की ज़िलावतनी के आर्डर डिप्टी कमिशनर को मिल गए थे। वो उन की तामील के लिए तैयार नहीं था क्योंकि उसके ख़्याल के मुताबिक़ अमृतसर में किसी हैजान-ख़ेज बात का ख़तरा नहीं था। लोग पुरअम्न तरीक़े से एहितजाजी जलसे वग़ैरा करते थे। जिनसे तशद्दुद का सवाल ही पैदा नहीं होता था। मैं अपनी आँखों देखा हाल बयान करता हूँ। नौ को रामनवमी थी।। जलूस निकला मगर मजाल है जो किसी ने हुक्काम की मर्ज़ी के ख़िलाफ़ एक क़दम उठाया हो, लेकिन भाईजान, सर माईकल अजब औंधी खोपड़ी का इनसान था। उस ने डिप्टी कमिशनर की एक ना सुनी। उस पर, बस, यही ख़ौफ़ सवार था कि ये लीडर महात्मा गांधी के इशारे पर सामराज का तख़्ता उलटने के दर पे हैं और जो हड़तालें हो रही हैं और जलसे मुनअक़िद होते हैं उनके पस-ए-पर्दा यही साज़िश काम कर रही है।<br />डाक्टर किचलू और डाक्टर सत्यपाल की ज़िलावतनी की ख़बर आनन-फ़ानन शहर में आग की तरह फैल गई। दिल हर शख़्स का मुकद्दर था। हर वक़्त धड़का-सा लगा रहता था कि कोई बहुत बड़ा हादिसा बरपा होने वाला है, लेकिन, भाईजान, जोश बहुत ज़्यादा था। कारोबार बन्द थे। शहर क़ब्रिस्तान बना हुआ था, पर इस क़ब्रिस्तान की ख़ामोशी में भी एक शोर था। जब डाक्टर किचलू और सत्यपाल की गिरफ़्तारी की ख़बर आई तो लोग हज़ारों की तादाद में इकट्ठे हुए कि मिलकर डिप्टी कमिशनर बहादुर के पास जाएँ और अपने महबूब लीडरों की जिलावतनी के अहकाम मंसूख़ कराने की दरख़ास्त करें। मगर वो ज़माना, भाईजान, दरख़ास्तें सुनने का नहीं था। सर माईकल जैसा फ़िरऔन हाकिम-ए-आला था। उसने दरख़ास्त सुनना तो कुजा लोगों के इस इजतिमा ही को ग़ैरक़ानूनी क़रार दिया।<br />अमृतसर.......वो अमृतसर जो कभी आज़ादी की तहरीक का सब से बड़ा मर्कज़ था, जिस के सीने पर जलियाँवाला बाग़ जैसा क़ाबिल-ए-फ़ख़्रज़ख़्म था, आज किस हालत में है?.......लेकिन छोड़िए इस क़िस्से को। दिल को बहुत दुख होता है। लोग कहते हैं कि इस मुक़द्दस शहर में जो कुछ आज से पाँच बरस पहले हुआ उस के ज़िम्मेदार भी अँग्रेज़ हैं। होगा भाईजान, पर सच्च पूछिए तो इस लहू में, जो वहाँ बहा है, हमारे अपने ही हाथ रंगे हुए नज़र आते हैं। ख़ैर !.......<br />डिप्टी कमिशनर साहब का बंगला सिविल लाइन्स में था। हर बड़ा अफ़सर और हर बड़ा टोडी शहर के इस अलग-थलग हिस्से में रहता था.... आप ने अमृतसर देखा है तो आप को मालूम होगा कि शहर और सिविल लाइन्स को मिलाने वाला एक पुल है जिसपर से गुज़रकर आदमी ठण्डी सड़क पर पहुँचता है। जहाँ हाकिमों ने अपने लिए ये अर्ज़ी जन्नत बनाई हुई थी।<br />हुजूम जब हाल दरवाज़े के क़रीब पहुँचा तो मालूम हुआ कि पुल पर घुड़सवार गोरों का पहरा है। हुजूम बिलकुल न रूका और बढ़ता गया। भाईजान, मैं इसमें शामिल था। जोश कितना था, मैं बयान नहीं कर सकता, लेकिन सब निहत्थे थे। किसी के पास एक मामूली छड़ी तक भी नहीं थी। असल में वो तो सिर्फ़ इस ग़रज़ से निकले थे कि इजतिमाई तौर पर अपनी आवाज़ हाकिम-ए-शहर तक पहुँचाएँ और उस से दरख़ास्त करें कि डाक्टर किचलू और डाक्टर सत्यपाल को ग़ैर मशरूत तौर पर रिहा कर दे। हुजूम पुल की तरफ़ बढ़ता रहा। लोग क़रीब पहुँचे तो गोरों ने फ़ायर शुरू कर दिए। इससे भगदड़ मच गई। वो गिनती में सिर्फ़ बीस-पच्चीस थे और हुजूम सैंकड़ों पर मुश्तमिल था, लेकिन, भाई, गोली की दहश्त बहुत होती है। ऐसीअफ़रा-तफ़री फैली कि अलामां, कुछ गोलियों से घायल हुए और कुछ भगदड़ में ज़ख़्मी हुए।<br />दाएँ हाथ को गन्दा नाला था। धक्का लगा तो मैं उस में गिर पड़ा। गोलियाँ चलनी बन्द हुईं तो मैंने उठ कर देखा। हुजूम तितर बितर हो चुका था।ज़ख़्मी सड़क पर पड़े थे और पुल पर गोरे खड़े हँस रहे थे। भाईजान, मुझे क़तई याद नहीं कि उस वक़्त मेरी दिमाग़ी हालत किस क़िस्म की थी।मेरा ख़्याल है कि मेरे होश-ओ-हवास पूरी तरह सलामत नहीं थे। गन्दे नाले में गिरते वक़्त तो मुझे कतई होश नहीं था। जब बाहर निकला तो जो हादिसा वक़ूअ पज़ीर हुआ था, उस के ख़द्द-ओ-ख़ाल आहिस्ता-आहिस्ता दिमाग़ में उभरने शुरू हुए।<br />दूर शोर की आवाज़ सुनाई दे रही थी, जैसे बहुत से लोग ग़ुस्से में चीख़-चिल्ला रहे हैं। मैं गंदा नाला उबूर करके ज़ाहिरा पीर के तकिए से होता हुआ हाल दरवाज़े के पास पहुँचा तो देखा कि तीस चालीस नौजवान जोश में भरे पत्थर उठा-उठा कर दरवाज़े के घड़ियाल पर मार रहे हैं। उस का शीशा टूट कर सड़क पर गिरा तो एक लड़के ने बाकियों से कहा &mdash; चलो.... मलिका का बुत तोड़ें!<br />दूसरे ने कहा &mdash; नहीं यार.... कोतवाली को आग लगाएँ!<br />तीसरे ने कहा &mdash; और सारे बैंकों को भी!<br />चौथे ने उन को रोका &mdash; ठहरो.... इस से क्या फ़ायदा... चलो पुल पर उन लोगों को मारें।<br />मैंने उस को पहचान लिया। ये थैला कंजर था.... नाम मोहम्मद तुफ़ैल था, मगर थैला कंजर के नाम से मशहूर था। इस लिए कि एक तवाइफ़ के बतन से था। बड़ा आवारागर्द था। छोटी उम्र ही में उस को जोय और शराबनोशी की लत पड़ गई थी। इस की दो बहनें शमशाद और अलमास अपने वक़्त की हसीन-तरीन तवाइफ़ें थीं। शमशाद का गला बहुत अच्छा था। उस का मुजरा सुनने के लिए रईस बड़ी-बड़ी दूर से आते थे। दोनोंअपने भाई के करतूतों से बहुत नालाँ थीं। शहर में मशहूर था कि उन्होंने एक क़िस्म का उस को आक़ कर रखा है। फिर भी वो किसी न किसी हीले अपनी ज़रूरीयात के लिए उन से कुछ न कुछ वसूल कर ही लेता था। वैसे वो बहुत ख़ुशपोश रहता था। अच्छा खाता था, अच्छा पीता था। बड़ा नफ़ासत-पसन्द था। हँसोड़पन और लतीफ़ागोई मिज़ाज में कूट-कूट के भरी थी। मीरासियों और भाण्डों के सोक़यानापन से बहुत दूर रहता था।लम्बा क़द, भरे-भरे हाथ-पाँव, मज़बूत कसरती बदन। नाक नक़्शे का भी ख़ासा था।<br />पुरजोश लड़कों ने उस की बात न सुनी और मलिका के बुत की तरफ़ चलने लगे। उस ने फिर उनसे कहा &mdash; मैंने कहा मत ज़ाए करो अपना जोश। इधर आओ मेरे साथ.... चलो उन को मारें, जिन्होंने हमारे बेक़सूर आदमियों की जान ली है और उन्हें ज़ख़्मी किया है..... ख़ुदा की क़सम, हम सब मिलकर उनकी गर्दन मरोड़ सकते हैं... चलो!<br />कुछ लड़के रवाना हो चुके थे। बाक़ी रुक गए। थैला पुल की तरफ़ बढ़ा तो वे सब उस के पीछे चलने लगे। मैंने सोचा कि माँओं के ये लाल बेकार मौत के मुँह में जा रहे हैं। मैं फव्वारे के पास दुबका खड़ा था। वहीं से मैंने थैले को आवाज़ दी और कहा &mdash; मत जाओ यार... क्यों अपनी और उनकी जान के पीछे पड़े हो।<br />थैले ने यह सुनकर एक अजीब-सा क़हक़हा बुलन्द किया और मुझ से कहा &mdash; थैला सिर्फ़ ये बताने चला है कि वो गोलियों से डरने वाला नहीं। फिर वो अपने साथियों से मुख़ातिब हुआ &mdash; तुम डरते हो तो वापस जा सकते हो।<br />ऐसे मौक़ों पर बढ़े हुए क़दम उल्टे कैसे हो सकते हैं। और फिर वो भी उस वक़्त जब लीडर अपनी जान हथेली पर रख कर आगे-आगे जा रहा हो।थैले ने क़दम तेज़ किए तो उसके साथियों को भी करने पड़े।<br />हाल दरवाज़े से पुल का फ़ासला कुछ ज़्यादा नहीं.... होगा कोई साठ-सत्तर गज़ के क़रीब.... थैला सब से आगे-आगे था। जहाँ से पुल का दोरौया मुतवाज़ी जंगला शुरू होता है, वहाँ से पन्द्रह- बीस क़दम के फ़ासले पर दो घुड़सवार गोरे खड़े थे। थैला नारे लगाता जब बंगले के आग़ाज़ के पास पहुँचा तो फ़ायर हुआ, मैं समझा कि वो गिर पड़ा है... लेकिन देखा कि वो उसी तरह.... ज़िन्दा आगे बढ़ रहा है। उसके बाक़ी साथी डर के भाग उठे हैं। मुड़कर उसने पीछे देखा और चिल्लाया &mdash; भागो नहीं.... आओ!<br />उस का मुँह मेरी तरफ़ था कि एक और फ़ायर हुआ। पलट कर उसने गोरों की तरफ़ देखा और पीठ पर हाथ फेरा... भाईजान, नज़र तो मुझे कुछ नहीं आना चाहिए था, मगर मैंने देखा कि उस की सफ़ेद बोसकी की क़मीज़ पर लाल-लाल धब्बे थे.... वो और तेज़ी से बढ़ा, जैसे ज़ख़्मी शेर... एक और फ़ायर हुआ। वो लड़खड़ाया मगर एकदम क़दम मज़बूत करके वो घुड़सवार गोरे पर लपका और एकाएक न जाने क्या हुआ.... घोड़े की पीठ ख़ाली थी। गोरा ज़मीन पर था और थैला उस के ऊपर.... दूसरे गोरे ने, जो क़रीब था और पहले बौखला गया था, बिदकते हुए घोड़े को रोका और धड़ाधड़ फ़ायर शुरू कर दिए.... इस के बाद जो कुछ हुआ मुझे मालूम नहीं। मैं वहाँ फव्वारे के पास बेहोश हो कर गिर पड़ा।<br />भाईजान, जब मुझे होश आया तो में अपने घर में था। चन्द पहचान केआदमी मुझे वहाँ से उठा लाए थे। उन की ज़बानी मालूम हुआ कि पुल पर से गोलियाँ खाकर हुजूम उग्र हो गया था। नतीजा इसका ये हुआ कि मलिका के बुत को तोड़ने की कोशिश की गई। टाउन हाल और तीन बैंकों को आग लगी और पाँच या छह यूरोपियन मारे गए। ख़ूब लूट मची।<br />लूट-खसोट का अँग्रेज़ अफ़सरों को इतना ख़याल नहीं था। पाँच या छःयूरोपियन हलाक हुए थे। इस का बदला लेने के लिए ही जलियाँवाला बाग़ का ख़ूनीं हादिसा हुआ। डिप्टी कमिशनर बहादुर ने शहर की बागडोर जनरल डावर के सपुर्द कर दी। चुनांचे जनरल साहिब ने बारह अप्रैल को फ़ौजियों के साथ शहर के मुख़्तलिफ़ बाज़ारों में मार्च किया और दर्जनों बेगुनाह आदमी गिरफ़्तार किए। तेरह को जलियाँवाला बाग़ में जलसा हुआ। क़रीब-क़रीब पच्चीस हज़ार का मजमा था। शाम के क़रीब जनरल डावर मुसल्लह गोरों और सिखों के साथ वहाँ पहुँचा और निहत्थे आदमियों पर गोलियों की बारिश शुरू कर दी।<br />उस वक़्त तो किसी को इसका ठीक-ठीक अन्दाज़ा नहीं था कि कितने आदमी मारे गए हैं। लेकिन बाद में जब जाँच हुई तो पता चला कि एक हज़ार हलाक हुए हैं और तीन या चार हज़ार के क़रीब ज़ख़्मी.... लेकिन मैं थैले की बात कर रहा था...। भाईजान, आँखों देखी आप को बता चुका हूँ... बे-ऐब ज़ात ख़ुदा की है। मरहूम में चारों ऐब शरई थे। एक पेशा तवाइफ़ के बतन से था मगर जियाला था.... मैं अब यक़ीन के साथ कह सकता हूँ कि इस मलऊन गोरे की पहली गोली भी उस को लगी थी। आवाज़ सुन कर उस ने जब पलटकर अपने साथियों की तरफ़ देखा था, और उन्हें हौसला दिलाया था, तब जोश की हालत में उस को मालूम नहीं हुआ था कि उसकी छाती में गर्म-गर्म सीसा उतर चुका है। दूसरी गोली उस की पीठ में लगी। तीसरी फिर सीने में.... मैंने देखा नहीं, पर सुना है जब थैले की लाश गोरे से जुदा की गई तो उसके दोनों हाथ उस की गर्दन में इस बुरी तरह से पैवस्त थे कि अलहदा ही नहीं होते थे.... गोरा तब जहन्नुम में जा चुका था...।<br />दूसरे रोज़, जब थैले की लाश कफ़न-दफ़न के लिए उस के घर वालों के सुपुर्द की गई तो उसका बदन गोलियों से छलनी हो रहा था.... दूसरे गोरे ने तो अपना पूरा पिस्तौल ही उस पर ख़ाली कर दिया था... मेरा ख़याल है, उस वक़्त मरहूम की रूह क़फ़स-ए-उंसुरी से परवाज़ कर चुकी थी। इस शैतान के बच्चे ने सिर्फ़ उस के मुर्दा जिस्म पर चाँदमारी की थी।<br />कहते हैं, जब थैले की लाश मुहल्ले में पहुँची तो कुहराम मच गया। अपनी बिरादरी में वो इतना मक़बूल नहीं था, लेकिन उस की क़ीमा-क़ीमा लाश देखकर सब धाड़ें मार-मार कर रोने लगे। उस की बहनें शमशाद और अलमास तो बेहोश हो गईं। जब जनाज़ा उठा तो इन दोनों ने ऐसे बीन किए कि सुनने वाले लहू के आँसू रोते रहे।<br />भाईजान, मैंने कहीं पढ़ा था कि फ़्राँस के इन्क़लाब में पहली गोली वहाँ की एक टखयाई को लगी थी। मरहूम मुहम्मद तुफ़ैल एक तवाइफ़ का लड़का था। इन्क़लाब की इस जद्द-ओ-जहद में उसको जो पहली गोली लगी थी, दसवीं थी या पचासवीं। इस के मुताल्लिक़ किसी ने भी तहक़ीक़ नहीं की। शायद इसलिए कि सोसाइटी में इस ग़रीब का कोई रुतबा नहीं था। मैं तो समझता हूँ कि पंजाब के इस ख़ूनीं ग़ुसल में नहाने वालों की फ़हरिस्त में थैले कंजर का नाम-ओ-निशान तक भी नहीं होगा... और ये भी कोई पता नहीं कि ऐसी कोई फ़हरिस्त तैयार भी हुई थी।<br />सख़्त हंगामी दिन थे। फ़ौजी हुकूमत का दौर-दौरा था। वो देव, जिसे मार्शल लॉ कहते हैं, शहर के गली-गली कूचे-कूचे में डकारता फिरता था। बहुत अफ़रा-तफ़री के आलम में उस ग़रीब को जल्दी-जल्दी यूँ दफ़न किया गया, जैसे उसकी मौत उसके सोगवार अज़ीज़ों का एक संगीन जुर्म थी जिसके निशानात वो मिटा देना चाहते थे।<br />बस भाईजान, थैला मर गया। थैला दफ़ना दिया गया और.... और ये कहकर मेरा हमसफ़र पहली मर्तबा कुछ कहते-कहते रुका और ख़ामोश हो गया। ट्रेन दनदनाती हुई जा रही थी। पटरियों की खटाखट ने ये कहना शुरू कर दिया। थैला मर गया... थैला दफ़ना दिया गया.... थैला मर गया.... थैला दफ़ना दिया गया। इस मरने और दफ़नाने के दरमयान कोई फ़ासला नहीं था, जैसे वो इधर मरा और उधर दफ़ना दिया गया। और खट-खट के साथ इन अलफ़ाज़ की हम-आहंगी कुछ इस क़दर जज़्बात से आरी थी कि मुझे अपने दिमाग़ से इन दोनों को जुदा करना पड़ा। चुनाँचे मैंने अपने हम-सफ़र से कहा &mdash; आप कुछ और भी सुनाने वाले थे?<br />चौंक कर उस ने मेरी तरफ़ देखा और बोला &mdash; जी हाँ.... इस दास्तान का एक अफ़सोसनाक हिस्सा बाक़ी है।<br />मैंने पूछा &mdash; वह क्या?<br />उस ने कहना शुरू किया &mdash; मैं आप से अर्ज़ कर चुका हूँ कि थैले की दो बहनें थीं। शमशाद और अलमास। बहुत ख़ूबसूरत थीं। शमशाद लम्बी थी।पतले-पतले नक़्श। ग़लाफ़ी आँखें। ठुमरी बहुत ख़ूब गाती थी। सुना है, ख़ाँ साहब, फ़तह अली ख़ां से तालीम लेती रही थी। दूसरी अलमास थी। उस के गले में सुर नहीं था, लेकिन नाचने में अपना सानी नहीं रखती थी। मुजरा करती थी तो ऐसा लगता था कि इस का अंग-अंग बोल रहा है। हर भाव में एक घात होती थी.... आँखों में वो जादू था जो हर एक के सर पर चढ़ के बोलता था।<br />मेरे हमसफ़र ने तारीफ़-ओ-तौसीफ में कुछ ज़रूरत से ज़्यादा वक़्त लिया। मगर मैंने टोकना मुनासिब न समझा। थोड़ी देर के बाद वो ख़ुद इस लम्बे चक्कर से निकला और दास्तान के अफ़सोनाक हिस्से की तरफ़ आया &mdash; क़िस्सा यह है, भाईजान, कि इन आफ़त की परकाला दो बहनों के हुस्न-ओ-जमाल का ज़िक्र किसी ख़ुशामदी ने फ़ौजी अफ़सरों से कर दिया.... बल्वे में एक मेम.... क्या नाम था उस चुड़ैल का?मिस....मिस शेरवुड मारी गई थी.... तय ये हुआ कि उन को बुलवाया जाए और.... और.... जी भर के इंन्तकाम लिया जाए.... आप समझ गए ना, भाई जान?<br />मैंने कहा &mdash; जी हाँ!<br />मेरे हमसफ़र ने एक आह भरी &mdash; ऐसे नाज़ुक मामलों में तवाइफ़ें और कस्बियाँ भी अपनी माँएँ-बहनें होती हैं.... मगर भाईजान ये मुल्क अपनी इज़्ज़त-ओ-नामूस को, मेरा ख़्याल है, पहचानता ही नहीं। जब ऊपर से इलाक़े के थानेदार को आर्डर मिला तो वो फ़ौरन तैयार हो गया। चुनांचे वो ख़ुद शमशाद और अलमास के मकान पर गया और कहा कि साहब लोगों ने याद किया है। वो तुम्हारा मुजरा सुनना चाहते हैं... भाई की क़ब्र की मिट्टी भी अभी तक ख़ुशक नहीं हुई थी। अल्लाह को प्यारा हुए उस ग़रीब को सिर्फ़ दो दिन हुए थे कि ये हाज़िरी का हुक्म सादिर हुआ कि आओ हमारे हुज़ूर नाचो.... अज़िय्यत का इससे बढ़ कर पुर-अज़िय्यत तरीक़ा क्या हो सकता है....? मुस्तबइद तम्सख़ुर की ऐसी मिसाल, मेरा ख़्याल है, शायद ही कोई और मिल सके.... क्या हुक्म देने वालों को इतना ख़याल भी न आया कि तवाइफ़ भी ग़ैरतमन्द होती है? ....हो सकती है... क्यों नहीं हो सकती? उस ने अपने आप से सवाल किया, लेकिन मुख़ातिब वो मुझसे ही था।<br />मैंने कहा &mdash; हाँ, हो सकती है!<br />&mdash; जी हाँ ....थैला आख़िर इन का भाई था। उस ने किसी की मार ख़ाने की लड़ाई-भिड़ाई में अपनी जान नहीं दी थी। वो शराब पी कर दंगा-फ़साद करते हुए हलाक नहीं हुआ था। उसने वतन की राह में बड़े बहादुराना तरीक़े पर शहादत का जाम पिया था। वो एक तवाइफ़ के बतन से था। लेकिन वो तवाइफ़ माँ थी और शमशाद और अलमास उसी की बेटियां थीं और ये थैले की बहनें थीं.... तवाइफ़ें बाद में थीं.... और वो थैले की लाश देख कर बेहोश हो गई थीं। जब उस का जनाज़ा उठा था तो उन्होंने ऐसे बीन किए थे कि सुन कर आदमी लहू रोता था....।<br />मैंने पूछा &mdash; वो गईं?<br />मेरे हमसफ़र ने इस का जवाब थोड़े वक़फ़े के बाद उदासी से दिया &mdash; जी हाँ... जी हाँ गईं... ख़ूब सज बनकर। एक दम उसकी उदासी गहरी हो गई &mdash; सोलह सिंगार करके अपने बुलाने वालों के पास गईं.... कहते हैं कि ख़ूब महफ़िल जमी.... दोनों बहनों ने अपने जौहर दिखाए.... ज़रक़-बरक़ पिशवाज़ों में मलबूस वो कोह-ए-क़ाफ़ की परियाँ मालूम होती थीं....शराब के दौर चलते रहे और वो नाचती-गाती रहीं... ये दोनों दौर चलते रहे .... और कहते हैं कि.... रात के दो बजे एक बड़े अफ़सर के इशारे पर महफ़िल बरख़ास्त हुई...।<br />मेरा हमसफ़र उठ खड़ा हुआ और बाहर भागते हुए दरख़्तों को देखने लगा।पहियों और पटरियों की आहनी गड़गड़ाहट की ताल पर उसके आख़िरी दो लफ़्ज़ नाचने लगे &mdash; बरख़ास्त हुई... बरख़ास्त हुई।<br />मैंने अपने दिमाग़ में उन्हें, आहनी गड़गड़ाहट से नोच कर अलहदा करते हुए उससे पूछा &mdash; फिर क्या हुआ?<br />भागते हुए दरख़्तों और खम्भों से नज़रें हटा कर उस ने बड़े मज़बूत लहजे में कहा &mdash; उन्होंने अपनी ज़रक़-बरक़ पिशवाज़ें नोच डालें और अलिफ़ नंगी हो गईं और कहने लगीं.... लो देख लो... हम थैले की बहनें हैं.... उस शहीद की, जिसके ख़ूबसूरत जिस्म को तुमने सिर्फ़ इसलिए अपनी गोलियों से छलनी-छलनी किया था कि उसमें वतन से मोहब्बत करने वाली रूह थी... हम उसी की ख़ूबसूरत बहनें हैं... आओ, अपनी शहवत के गर्म-गर्म लोहे से हमारा ख़ुशबूओं में बसा हुआ जिस्म दागदार करो.... मगर ऐसा करने से पहले सिर्फ़ हमें एक बार अपने मुँह पर थूक लेने दो...।<br />यह कहकर वो ख़ामोश हो गया। कुछ इस तरह कि और नहीं बोलेगा। मैंने फ़ौरन ही पूछा &mdash; फिर क्या हुआ?<br />उस की आँखों में आँसू डबडबा आए &mdash; उनको.... उनको गोली से उड़ा दिया गया।<br />मैंने कुछ न कहा। गाड़ी आहिस्ता होकर स्टेशन पर रुकी तो उस ने क़ुली बुलाकर अपना अस्बाब उठवाया। जब जाने लगा तो मैं ने उस से कहा &mdash; आपने जो दास्तान सुनाई, इस का अंजाम मुझे आप का ख़ुदसाख़्ता मालूम होता है।<br />एकदम चौंककर उसने मेरी तरफ़ देखा &mdash; ये आप ने कैसे जाना?<br />मैंने कहा &mdash; आप के लहजे में एक नाक़ाबिल-ए-बयान कर्ब था।<br />मेरे हमसफ़र ने अपने हलक़ की तल्ख़ी थूक के साथ निगलते हुए कहा &mdash; जी हाँ... उन हराम..., वो गाली देते-देते रुक गया &mdash; उन्होंने अपने शहीद भाई के नाम पर बट्टा लगा दिया।<br />यह कहकर वो प्लेटफार्म पर उतर गया।<br />(11-12 अक्तूबर1951 ईस्वी)</p>

    14.7K reads
  3. अक्ल दाढ़

    आप मुँह सुजाये क्यों बैठे हैं?भई दाँत में दर्द हो रहा है तुम तो ख़्वाह-मख़्वाह ।

    14.6K reads
  4. अनार कली

    नाम उस का सलीम था मगर उस के यार दोस्त उसे शहज़ादा सलीम कहते थे। ग़ालिबन इस लिए कि उस के ख़द-ओ-ख़ाल मुग़लई थे ख़ूबसूरत था। चाल ढाल से राऊनत टपकती थी।उस का बाप पीडब्ल्यू डी के दफ़्तर में मुलाज़िम था। तनख़्वाह ज़्यादा से ज़्यादा सौ रुपय होगी मगर बड़े ठाट से रहता ज़ाहिर है कि रिश्वत खाता था यही वजह है कि सलीम अच्छे से अच्छा कपड़ा पहनता जेब ख़र्च भी उस को काफ़ी मिलता इस लिए कि वो अपने वालदैन का इकलौता लड़का था।

    14.0K reads
  5. अंजाम-ए-नजीर

    बटवारे के बाद जब फ़िर्का-वाराना फ़सादात शिद्दत इख़्तियार कर गए और जगह जगह हिंदूओं और मुस्लमानों के ख़ून से ज़मीन रंगी जाने लगी तो नसीम अख़तर जो दिल्ली की नौ-ख़ेज़ तवाइफ़ थी अपनी बूढ़ी माँ से कहा चलो माँ यहां से चलेंबूढ़ी बाइका ने अपने पोपले मुँह में पानदान से छालिया के बारीक बारीक टुकड़े डालते हुए उस से पूछा कहाँ जाऐंगे बेटा

    13.4K reads

More Poetry & Stories You May Like