इतनी अनगिनत आवाज़ों के बीच
क्या सुन सकूँगा उसके आने की आवाज़
पक्षी लौट रहे हैं अपने बसेरों में
समाज और प्रेमी दोनों हैं साथ-साथ
कहीं कोई प्रतिवाद नहीं है
न है कोई उलझा हुआ सूचना-तंत्र
न कोई भयातुर सपना
बस है तो एक संपूर्ण चिंतारहित रात्रि
और अचरज भरा सूर्य का उलटफेर
इतनी आवाज़ें हैं कि तेरी सरसराहट तक नहीं
न जाने वह कौन था
जो बुढ़ापे में याद कर रहा था
जवानी की भर दुपहर में दस्तक देना
शायद युवावस्था के पापों का प्रायश्चित है
इस तरह याद करना
इस वक़्त तो केवल तेरी गंध मेरी याद पर हावी है
और मेरे धैर्य की धीमी पड़ती आँच
जो असंख्य आवाज़ों से घिरी है
हर आवाज़ एक मंत्र है यानी आत्मछल की प्रतिध्वनि
किसी दिवास्वप्न के संगीत की बंदिश है
या फिर किसी अधेड़ संगीतज्ञ का षड़ज और पंचम मिलाना
सूर्य, तुम रुके रहना अभी-अभी वह आई है
नींद से पहले के इस कलरव में








