आज भरा हुआ है घाट स्त्रियों से
गाँव में ज़रूर किसी ख़ास आदमी की
मौत हुई है
सभी स्त्रियाँ गीली साधारण धोतियों में
ठिठुरती हुई लौट रही हैं
मैं सकुचाकर एक ओर हट जाता हूँ
अपवित्र हूँ शायद क्योंकि स्त्री नहीं हूँ
न रोया हूँ इस तरह कभी सामूहिक रूप से
चुपचाप अकेले में कभी-कभार किया है विलाप
नहाया हूँ सदा अकेला
घाट पर से लौटती इन स्त्रियों में से
बहुत कठिन है पहचानना कि किसका पति मरा है
शायद वह ही है जो सबके आगे चल रही है बाल खोले
अरे, मगर उसका चेहरा तो मेरी पत्नी से मिलता है








