पानी गिरने की आवाज़

ऋतुराजऋतुराज10 Sept 1940

1 min read · 12.4K reads

पानी गिरने की आवाज़ सब जगह एक जैसी होती है

पृथ्वी एक है

बस देश अलग-अलग हो गए हैं

लेकिन किसी प्यासे आदमी को

इस बात से कोई मतलब नहीं है

बारिश में पानी सारी जगहों को सरोबार करता हुआ

अपना निकास ढूँढ़ता है

बाढ़ के पछाड़े हुए लोग सब जगह एक जैसे होते हैं

पीछे छूटे हुए को याद करते

वे राहत गाड़ियों का इंतज़ार करते रहते हैं

सताए हुए लोग सब देशों में एक जैसे हैं

बिना बात तेज़ क़दमों से चलते हुए

वे कहीं मुँह छिपाने की उम्मीद में बेहद डरे हुए होते हैं

पत्थरों के कटाव भी सब जगह एक जैसे हैं

पेड़ों की छायाएँ और अँधेरा सब देशों में

लगभग एक जैसा ही फैला हुआ है

कोई झरना जब सूखने लगता है

तो उसके आस-पास इकट्ठे हुए परिंदों की निराशा

एक जैसी ही होती है

सारे देशों में शोषण, नफ़रत और हत्याएँ करने के तरीक़े

एक जैसे ही तो हैं

लेकिन इतनी समानताओं के होने के बावजूद

मैं मजबूर हूँ एक समय में

एक ही देश में रहने के लिए

ऋतुराज
About the poet

ऋतुराज

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like