मैं तो तुझसे बचपन से ही नफ़रत करती रही हूँ
मेरा रिबन चोरी कर लेती थी
मेरी फ़्रॉक के बटन तोड़ देती थी
मेरी गुड़िया छिपा देती थी
मैं तुझे बहुत पहले से बर्दाश्त करती आई हूँ
तू दीदी-दीदी कहती हुई
मेरी चप्पल पहनकर भाग जाती थी
आज इस जुलूस में तुझे सबक सिखाऊँगी
तू मेरे बाल नोचेगी
और मैं तुझे नीचे पटककर डंडे से मारती रहूँगी
जितनी चीख़ेगी उतनी ही मार खाएगी
हमें आदमी जितना क्रूर बनना सिखाया जाता है
हमसे कहा जाता है कि जहाँ कहीं भी महिलाएँ
तोड़फोड़ और बग़ावत पर आमादा हों
उनकी अच्छी तरह धुनाई की जाए
बहुतेरी ऐसी हैं जो आदमी से पिटने पर भी
कुछ नहीं कहती हैं
‘सखाराम बाइंडर? नहीं, नहीं, नाटक वाली बात नहीं’
महिला पुलिस को बहुत सख़्त होना पड़ता है
आदमी क्या जाने कि कौन-कौन से नाज़ुक अंग
हमारे शरीर के उससे बचे हैं
जहाँ डंडा मारने से बरसों तक दुखता रहता है








