अम्मा

ऋतुराजऋतुराज10 Sept 1940

1 min read · 12.4K reads

हमारी अम्मा में बहुत जीवट था

सप्ताह में चार दिन

उपवास करती

ख़ाली भगौने में थोड़ी-सी बची दाल के लिए

करछी घुमाती

कहती, “और लो न

मेरे लिए तो अभी बहुत है

सुबह एक समोसा खा लिया था

भूख ही नहीं है”

हमारी अम्मा में स्नेह बहुत था

भूख बिल्कुल नहीं थी

फिर भी उत्तरआधुनिकता की

सीढ़ियाँ चढ़ते

उसका दम फूल जाता

घर का ऐसा लंबित वक्राकार स्थापत्य

कि इतिहास सीढ़ियों से चढ़कर

न जाने किस कोने में छिप गया था

चार क़िस्मों की अलग-अलग सीढ़ियाँ

पता नहीं तब अम्मा

किस कमरे में होती

वह एक मंज़िल चढ़ती

और हाँफ जाती

चौरस सँकरे गलियारे में खड़ी हो जाती

फिर दूसरी सीढ़ियों से घिसटते हुए

उसे धीरे-धीरे बाहर निकलना होता

तलघर तक जो सीढ़ियाँ जाती थीं

वह वहाँ कभी नहीं गईं

वह जब बाहर आती

तो वापिस लौटने के लिए

खड़ी सीढ़ियों को कोसती

उसे अपने गाँव का घर याद आता

चौबारा, आँगन और उसके सामने

खुली बाखँल

भीतर कमरे से ही कोई आता हुआ

नज़र आता

इस घर की आधुनिक बनावट ने

हमारी अम्मा का जीवन ही बदल दिया था

उसकी रसोई से निकलने की

बहुत कम इच्छा होती

क्योंकि शयनकक्ष के लिए

फिर से उसे सीढ़ियाँ चढ़नी होती थीं

वास्तुकार जानते होंगे

कि हरेक के जीवन का भी

एक स्थापत्य होता है

जिसकी खिड़कियों, दरवाज़ों से

अतीत के वे दिन आते-जाते हैं

जिन्हें खुलकर पाँव पसारने की

ठौर चाहिए

जिन्हें उतरने-चढ़ने जैसे

निर्थक कार्यों से मुक्ति चाहिए

कौन समझाए आधुनिक स्थापितों को

कि इतिहास के अंत ने

हमारी अम्मा का असमय

अंत कर दिया

नहीं तो, शायद वह

कुछ बरस और जीती

जब उसकी मृत देह को

सीढ़ियों से उतारा गया

तो कंधा देने वाले

हाँफ रहे थे

ऋतुराज
About the poet

ऋतुराज

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय