शरीर

ऋतुराजऋतुराज10 Sept 1940

1 min read · 12.4K reads

सारे रहस्य का उद्घाटन हो चुका और

तुम में अब भी उतनी ही तीव्र वेदना है

आनंद के अंतिम उत्कर्ष की खोज के

समय की वेदना असफल चेतना के

निरव्यैक्तिक स्पर्शों की वेदना आयु के

उदास निर्बल मुख की विवशता की वेदना

अभी उस प्रथम दिन के प्राण की स्मृति

शेष है और बीच के अंतराल में किए

पाप अप्रायश्चित ही पड़े हैं

लघु आनंद-वृत्तों का गहरी झील में

बने रहने का स्वार्थ कैसे भुला दोगे

पृथ्वी से आदिजीव विभु जैसा प्यार

कैसे भुला दोगे अनवरत सुंदरता की

स्तुति का स्वभाव कैसे भुला दोगे

अभी तो इतने वर्ष रुष्ट क्यों रहे इसका

उत्तर नहीं दिया अभी जगते हुए

अंधकार में निस्तब्धता की आशंकाओं का

समाधान नहीं किया है

यह सोचने की मशीन

यह पत्र लिखने की मशीन

यह मुस्कुराने की मशीन

यह पानी पीने की मशीन

इन भिन्न-भिन्न प्रकारों की

मशीनों का चलना रुका नहीं है अभी

तुम्हारी मुक्ति नहीं है

ऋतुराज
About the poet

ऋतुराज

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like