उन्होंने कहा अंत

ऋतु कुमार ऋतुऋतु कुमार ऋतु29 Mar 1970 – 14 Aug 2010

1 min read · 12.4K reads

उन्होंने कहा प्यार

एक शव की तरह है

उसे कपड़े में लपेटो

और जला दो।

उन्होंने कहा हँसी

एक धुएँ की तरह है

एक धुँध की तरह है

गीली लकड़ियों में लपेटो

और सुलगा दो।

उन्होंने कहा आवाज़

कड़कती बिजली की तरह है

धरती पर आते भूकंप की तरह है

उसे पैदा करो और उपद्रव मचा दो।

उन्होंने कहा चाहत

नफ़रत की तरह है

करो तो करते रहो

वरना फैला दो

जहाँ तक संभव हो सके

उन्होंने कहा यह हक़ हमें दो।

उन्होंने कहा यह देह

रीछ के बालों की तरह है

कालिख के खलिहानों की तरह है

उसे मुट्ठियों में समेटो

ट्रकों में भरो

और देश के कोने-कोने में बिखरा दो।

उन्होंने कहा इंसानियत

एक अदृश्य हैवानियत की तरह है

उसे सांप्रदायिक बनाओ

और एक-दूसरे के ख़िलाफ़

एक-दूसरे के मस्तिष्क में ठूँस दो।

उन्होंने कहा

मिटा दो

जिजीविषा की चाहत

मिटा दो

इच्छाओं का संसार

मिटा दो

कुछ होने की संभावनाएँ।

उन्होंने कहा

बस यही एक एक रास्ता बचा है

हमारे लिए

तुम्हारे लिए।

ऋतु कुमार ऋतु
About the poet

ऋतु कुमार ऋतु

बीसवीं सदी के अंतिम वर्षों में उभरे कवि। कम आयु में दिवंगत। उपनाम : 'रामलखन यादव' जन्म : 29/03/1970 | हरदोई, उत्तर प्रदेश निधन : 14/08/2010 | दिल्ली, दिल्ली

View profile & all 39 Poems / Stories