यह लो मेरे अनुभव ने कहा
निडर खड़ा हूँ मैं
यातना-शिविर के सिपहसालारों से
तुम्हारे भयावह ख़ूँख़ार दाँतों के बीच
माना कि हो तुम
यातना प्रदेशों के उन्नायक
फिर भी खड़ा हूँ मैं
सीना ताने हाथ उठाए
इस तरह भय मुक्ति का साहस हूँ
तुम्हारे जैसे कंटक शूलों के बीच
निःसंदेह मैं तुम्हारा काल हूँ।
यह जानता हूँ मैं
कि न जाने कितनी बार
हुआ मैं तुम्हारी साज़िश का शिकार
तुम्हारी तृप्ति तमाम हवसों की रही
फिर भी अपर्याप्त
और मैं इतना निडर
कि तप्त होते हुए भी
दरकी हुई अँधेरी चट्टानों में
नींद तो ले ही ली।
तुमने पिया हमारा लहू
न जाने कितना
फिर भी अँगारों की घाटियों में
करवट बदल ही ली मैंने
पर कह न सका हाय वह अनकहा
रचा हुआ जो भीतर ही भीतर
न मालूम कहाँ छिपा रहा
मेरे अनुभव ने कहा।
वे पड़े हैं कभी के भभूति रमाए
शमशान के सुनसान में
उनकी यात्रा यहीं समाप्त होती है
यहीं तक थे सुरक्षित
उनके कीटाणु
उनके नर्क
उनके गिरोह
क़ातिलाना हमले।
यह लो मेरे अनुभव ने कहा
सुनो :
याद आती हैं मुझे
अपने पूर्वजों की वार्ताएँ
पर अफ़सोस है मुझे इस बात का
मैं कुछ समझ पाता कि इसके पहले
वे प्रस्थान कर गए।
मगर स्मृतियों में
अभी भी जीवित हैं
प्रकाश बिखेरती चिंगारियाँ
सांत्वना प्रदत्त उनकी सहिष्णुता
बजते हैं तार वीणा के
सबके हृदयों में
कहा था उन्होंने
बस टूटने न पाएँ वे
यह हुनर सीखना है तुम्हें।
यह लो मेरे अनुभव ने कहा
धधकती तपती भट्ठी से निकल आया हूँ मैं
लोहे की तरह रक्ताभ
चीरकर मेहतरों की गलियाँ
सुअरों के बाड़े
उनके अड्डों से
और ख़ुद के अंदर से।
यह लो मेरे अनुभव ने कहा
कि पर्याप्त नहीं इतना
कि दिया तुम्हारा खाऊँ
कि दिया तुम्हारा पहनूँ
कि ज़िंदा रहूँ तुम्हारी मेहरबानियों पर
यह लो खड़ा हूँ नंगा
फिर भी बचा हूँ।
यह लो एक दिन
अपने परिपक्व होते अनुभव से मैंने कहा
समस्त धरती की हवा से
अरे ओ जीवन मैं आया हूँ बस तेरे लिए ही
तू आ अब तू आ हाँ तू आ
स्पर्श कर मुझे
जन्म दे मुझे
आ तू आ
जैसे मैं आया तेरे लिए।








