जंगल से भी ज़्यादा घना और अँधेरा होता है अकेलापन

ऋतु कुमार ऋतुऋतु कुमार ऋतु29 Mar 1970 – 14 Aug 2010

1 min read · 12.4K reads

यादें बहुत सुकून देती हैं

यदि छा जाएँ वे तुम्हारे भीतर-बाहर कड़कती धूप में बादलों की तरह

फिर चाहे जितनी दूर हो जाना

अनुभव नहीं होती कोई थकावट

तुम सिर्फ़ अपने लिए ही

नहीं जीते

यदि छोड़ आए हो अपने पीछे किसी के लिए खट्ठी-मीठी यादें

रात में अकेले

चलते समय

तुम्हें छू तक नहीं जाती अकेलेपन की घुटन

तुम्हारे मस्तिष्क में

बजता रहता है यादों का संगीत

तुम्हारी आत्मा में घुलती रहती है चाँद-सितारों की रोशनी

अच्छे-अच्छों को नहीं पता कि

सत्य से भी ज़्यादा चमकदार होता है यादों का अनुभव

अच्छे-अच्छ़ों को नहीं पता कि

जंगल से भी ज़्यादा घना और अँधेरा होता है अकेलापन

ख़ासकर तब जब दब रहा होता है किसी का हृदय अकेले में

और नहीं दिखता रौशनी का एक कण भी

मेरा मन जो डूबा है अवसाद में

धीरे-धीरे हो रहा है मृत्यु का अनुभव

ऐसे में वहीं है यादों के सिवा मेरा कोई सहारा

यादें ही हैं जो रख सकती हैं मुझे अपने में समेटकर सुरक्षित!

ऋतु कुमार ऋतु
About the poet

ऋतु कुमार ऋतु

बीसवीं सदी के अंतिम वर्षों में उभरे कवि। कम आयु में दिवंगत। उपनाम : 'रामलखन यादव' जन्म : 29/03/1970 | हरदोई, उत्तर प्रदेश निधन : 14/08/2010 | दिल्ली, दिल्ली

View profile & all 39 Poems / Stories