इन दुर्दिनों में भी
मैं चला जाता हूँ
फलाँगता हुआ टीले-पहाड़
और कुछ बर्फ़ीले आसमान
मैं इन सब पर से
गुज़र जाता हूँ एक साथ
इन दुर्दिनों में भी
मैं एक असमय यात्रा तय करता हूँ
राहों में मिलते हैं
अवसादी घाटियों के अनंत विस्तार
अनचाही मौत से गूँजते हुए सुनसान
इनमें ही रक्त सनी चीख़ों जैसा
बजता है त्रस्त जीवन
सुनाई देता है अनहद नाद-सा आर्तनाद
कि अब कोई रास्ता तक नहीं बचा
जिए जाने का
इसलिए मैं भयभीत-सा घुस जाता हूँ
प्राचीन गाथाओं महागाथाओं में
और तय कर आता हूँ
असमय यात्रा का एक अनंत विस्तार!








