गाँव के रेलवे लाइन पर जो औरतें कट मरीं
चुड़ैल बनी
वे रात में भटकती हैं सूने स्थानों पर
चिता पर पति के जली या जलाई गई होंगी जो
देवी बनी
वे पतिव्रताओं को देती हैं आशीष
बुढ़वा पोखरा के पास बना है उनका मंदिर
कुछ औरतें (जिन्होंने मरने से किया होगा इनकार)
डायन बनीं
वो बीमार कर देती हैं सुंदर बच्चों को
प्राण हर लेती हैं
मेरे बाबा के भी बाबा के ज़माने में
किसी डायन ने मारा था बान
फुआ मर गई थीं अकाल
साँप ने काटा था
वह मरकर साँप बनीं
किसी कन्या के साँप बनने की यह
पहली कथा सुनी थी मैंने
मरते हुए फुआ ने कहा था
हम होएम त बिला जाएम
दोसर होई त मरा जाई
शादी-ब्याह के मौक़े पर
वह ज़रूर से आती हैं अब भी
ऐसा घर के लोग कहते हैं
सोचता हूँ
एक स्त्री के बान से मारी गई
एक लड़की कथा में
इसीलिए तो नहीं बनी साँप
कि हमें उन्हें ज़मीन पर रेंगते देखना अच्छा लगता है
जबकि अकाल मरने वाले लड़के बढ़म बन जाते हैं
कल ज़हर खा लिया मिसिर जी की बहू ने
रातों रात जला दी गई लाश
ख़बर मिलते ही गाँव की इज़्ज़त बचाने में
जुट गया था पूरा गाँव
वही गाँव जो बनाता है डायन, चुड़ैल, सती और साँप
मिसिर जी की बहू मरते समय क्या कह रही होगी
मिसिर जी की बहू क्या बनेगी
क्या वह मुझे दिखेगी सूनी जगह पर कहीं
क्या वह देगी मुझे अपना बयान








