दिल के दर्द के कम होने का तन्हा कुछ सामान हुआ

रज़िया फ़सीह अहमदरज़िया फ़सीह अहमद

1 min read · 12.4K reads

दिल के दर्द के कम होने का तन्हा कुछ सामान हुआ

हम भी अब कै दिन जी लेंगे इस का भी इम्कान हुआ

एक दिए की लौ ने सारा शहर जला कर ख़ाक किया

एक हवा का झोंका बन कर आँधी और तूफ़ान हुआ

आरज़ुओं की नीची साँस ने उस दर पर दस्तक दी

और जुनूँ का इक इक लम्हा मेरे घर मेहमान हुआ

वक़्त का कटना उस से पूछो हिज्र में जिस की गुज़री हो

एक इक लम्हा एक सदी था कब हम पर आसान हुआ

कोई किसी का मीत नहीं है दुनिया कहती आई है

हम ने जिस को अपना जाना वक़्त पे वो अंजान हुआ

'इश्क़ उड़ानों का दुश्मन है क्या उस को मा'लूम न था

दिल का पंछी क़ैद में आ कर क्यूँ इतना हैरान हुआ

तन्हा उन की गुल-अफ़्शानी कुछ न पूछो कैसी है

जब भी हज़रत-ए-वा'इज़ बोले सब का जी हलकान हुआ

रज़िया फ़सीह अहमद
About the poet

रज़िया फ़सीह अहमद

View profile & all 4 Poems / Stories