जब मिलेगी रोशनी मुझसे मिलेगी

रामावतार त्यागीरामावतार त्यागी17 Mar 1925 – 12 Apr 1985

2 min read · 12.4K reads

इस सदन में मैं अकेला ही दीया हूँ;

मत बुझाओ!

जब मिलेगी, रोशनी मुझसे मिलेगी!!

पाँव तो मेरे थकन ने छील डाले

अब विचारों के सहारे चल रहा हूँ,

आँसुओं से जन्म दे-देकर हँसी को

एक मंदिर के दीये-सा जल रहा हूँ;

मैं जहाँ धर दूँ क़दम, वह राजपथ है;

मत मिटाओ

पाँव मेरे, देखकर दुनिया चलेगी!!

बेबसी, मेरे अधर इतने न खोलो

जो कि अपना मोल बतलाता फिरूँ मैं,

इस क़दर नफ़रत न बरसाओ नयन से

प्यार को हर गाँव दफ़नाता फिरूँ मैं;

एक अंगारा गर्म मैं ही बचा हूँ;

मत बुझाओ!

जब जलेगी, आरती मुझसे जलेगी!!

जी रहे हो जिस कला का नाम लेकर

कुछ पता भी है कि वह कैसे बची है,

सभ्यता की जिस अटारी पर खड़े हो

वह हमीं बदनाम लोगों ने रची है;

मैं बहारों का अकेला वंशधर हूँ,

मत सुखाओ!

मैं खिलूँगा, तब नई बगिया खिलेगी!!

शाम ने सबके मुखों पर रात मल दी

मैं जला हूँ, तो सुबह लाकर बुझूँगा,

ज़िंदगी सारी गुनाहों में बिताकर

जब मरूँगा, देवता बनकर पुजूँगा;

आँसुओं को देखकर मेरी हँसी तुम—

मत उड़ाओ!

मैं न रोऊँ, तो शिला कैसे गलेगी!!

रामावतार त्यागी
About the poet

रामावतार त्यागी

रामअवतार त्यागी, श्रीमती के परिवार की पहली संतान हैं। भागीरथी और श्री त्यागी उदल सिंह वर्ष 1925 में ग्राम कुरकावली संभल जिला उत्तर प्रदेश में । त्यागी की प्रारंभिक शिक्षा 10 साल की उम्र में शुरू हुई। 1941 में 16 साल की उम्र में उनकी शादी हो गई। उन्होंने 1944…

View profile & all 3 Poems / Stories