हाथ का कंगन बनूँगा

रामावतार त्यागीरामावतार त्यागी17 Mar 1925 – 12 Apr 1985

2 min read · 12.4K reads

जो समंदर की सतह पर तैरती है बाल खोले—

अब उसी बाग़ी लहर के हाथ का कंगन बनूँगा।

मैं रहूँ प्यासा यही काफ़ी नहीं है,

होंठ भी मेरे किरन से छील डालो,

फिर उदासी की गुफा में बंद कर दो—

माफ़ कर दूँगा तुम्हें संसार वालो;

लाज को बे-बात जिसकी दे गया गाली स्वयंवर—

मैं उसी घायल दुल्हन की बे-ज़ुबाँ तड़पन बनूँगा।

बिजलियों की बे-रहम चेतावनी पर

मुस्कुरा भर दूँ अगर, वे रो पड़ेंगी,

है नियम इनका उजाले से लड़ेंगी—

जो अँधेरा हो उसे सिर पर जड़ेंगी;

जो अनल का पुत्र होकर जन्म देता है दीये को—

मैं उसी तपसी अंगारे का ने ऐसे दहकता तन बनूँगा।

शूल ने ऐसे सुगंधित बोल बोले,

फूल का धोखा मुझे ही हो गया था;

लौट आया राजपथ पर, कुछ समय को—

मैं किसी बुज़दिल गली में खो गया था;

मान ली हो देवता ने आरती जिसकी अपावन—

मैं उसी भावुक पुजारी का पतित पूजन बनूँगा।

आज मैं सुख के लिए चिंतित नहीं हूँ,

दर्द तो यह है कि दुख घटने लगा है,

चल रहा था जिस उदासी के सहारे—

हाथ उसका हाथ से छूटने लगा है;

तोड़कर सारे नियम जो कल्पना को पूजती है—

मैं उसी चंचल जवानी का सरल बचपन बनूँगा।

रामावतार त्यागी
About the poet

रामावतार त्यागी

रामअवतार त्यागी, श्रीमती के परिवार की पहली संतान हैं। भागीरथी और श्री त्यागी उदल सिंह वर्ष 1925 में ग्राम कुरकावली संभल जिला उत्तर प्रदेश में । त्यागी की प्रारंभिक शिक्षा 10 साल की उम्र में शुरू हुई। 1941 में 16 साल की उम्र में उनकी शादी हो गई। उन्होंने 1944…

View profile & all 3 Poems / Stories