मिरी तस्वीर ले कर क्या करोगे
मिरी तस्वीर इक ख़्वाब-ए-परेशाँ
छुपे हैं इस में लाखों ग़म के तूफ़ाँ
मिरी तस्वीर ले कर क्या करोगे
मिरी तस्वीर है मायूस-ओ-मुज़्तर
मेरी तस्वीर रंज-ओ-ग़म का पैकर
ये इक दिन बार हो जाएगी तुम पर
मिरी तस्वीर ले कर क्या करोगे
मिरी तस्वीर में कब ज़िंदगी है
सरापा ग़म सरापा बेकसी है
जबीं रौशन न होंटों पर हँसी है
मिरी तस्वीर ले कर क्या करोगे
मिरी तस्वीर है कुछ धुँदली धुँदली
मिरी तस्वीर है अश्कों से भीगी
मिरी तस्वीर है खोई हुई सी
मिरी तस्वीर ले कर क्या करोगे
न फिर हाथों में यूँ लोगे तुम उस को
न अपने पास रक्खोगे तुम उस को
उठा कर फेंक ही दोगे तुम उस को
मिरी तस्वीर ले कर क्या करोगे








