ज़मीन का ख़ूबसूरत सुडौल जिस्म
ज़ख़्मों से चूर
दर्द से कराह रहा है
ज़मीनी ख़ुदाओं की संग-दिली देख कर आसमानों पर मौजूद देवता भी शश्दर हैं
कि उन्हों ने राज़-ए-हयात छुपाया था
मौत के सौदागर नहीं बने थे
लाशों के ढेर पर अपने ख़्वाबों के शीश-महल नहीं ता'मीर किए थे
ज़ीउस ने तो सिर्फ़ आग छुपाई थी
लेकिन
मोहज़्ज़ब दुनिया के ज़मीनी आक़ा
उन्हों ने ज़मीन को मौत के कैप्सूल में तब्दील कर दिया
हमारी जन्नत में
दूध और शहद नहीं
लाशों की नदियाँ बहती हैं
यहाँ ज़िंदगी नहीं मौत को दवाम है
यहाँ यज़्दाँ नहीं अहरमन का राज है
प्रोमेथियस
क्या इसी दिन के लिए तुम ने आग चुराई थी
और राज़-ए-हयात फ़ाश करने की सज़ा काटी थी
प्रोमेथियस
ज़मीन के फेफड़े ऑक्सीजन कशीद करते करते थक चुके हैं
उस की नब्ज़ डूबती जा रही है
कुर्रा-ए-अर्ज़ फिर ज़महरीर बनने की तरफ़ गामज़न है
कहीं से थोड़ी सी आग ला दो
एक बार फिर ज़ीउस को मात दे दो








