वो रंग इश्क़ में परवरदिगार आ जाए

क़दीर पियारेपुरीक़दीर पियारेपुरी

1 min read · 12.4K reads

वो रंग इश्क़ में परवरदिगार आ जाए

दिखा दूँ आग को दामन बहार आ जाए

इलाही ख़ैर ये आलम सियाह-बख़्ती का

सुकून माँगिये और ज़ुल्फ़-ए-यार आ जाए

हयात-ओ-मौत को तुम जानो हम तुम्हें जानें

हमारे दीदा-ओ-दिल को क़रार आ जाए

जो पोंछ लो मिरे आँसू तुम अपने दामन में

तो फूल खिल के रहें और बहार आ जाए

कलीम हौसला-ए-दीद फिर ब-ईं तकरार

कहीं न जल के कोई शो'ला-बार आ जाए

तुम आओ बज़्म में रुख़्सत करो चले जाओ

लहद में यूँ मुझे शायद क़रार आ जाए

नज़र बचा के मिरी आओ आते ही हँस दो

बहार ही नहीं लुत्फ़-ए-बहार आ जाए

इधर से नामा-ए-आमाल मैं चलूँ ले कर

उधर से रहमत-ए-परवरदिगार आ जाए

न मैं रहा तो बनाएगा बात क्या क़ासिद

अगर वो कर के तिरा ए'तिबार आ जाए

छुपाया गोर में मुँह रोज़-ए-हश्र के डर से

यहाँ न गर्दिश-ए-लैल-ओ-नहार आ जाए

मिरी बहार है पिन्हाँ तुम्हारे दामन में

तुम ही न आओ तो क्यूँकर बहार आ जाए

फ़रेब-ए-हुस्न भी है किस क़दर हसीन 'क़दीर'

कि इस के भेस में इक शो'ला-बार आ जाए

क़दीर पियारेपुरी
About the poet

क़दीर पियारेपुरी

मूल नाम : सय्यद अब्दुल क़दीर क़दीर जन्म : बहराइच, उत्तर प्रदेश निधन : 22 Jan 1968 | बहराइच, उत्तर प्रदेश

View profile & all 3 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like