नदी का सुख - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

4 min read · 12.4K reads

नदी के पास
अपना दर्पण है
जिसमें नदी देखती है ख़ुद को
आकाश के साथ।

नदी के पास
अपनी भाषा है
प्रवाह में ही उसका उच्चार।

नदी
बहती और बोलती है
छूती और पकड़ती है
दिखती और छुप जाती है
कभी शिलाओं बीच
कभी अंतःसलिला बन।

नदी के पास
यादें हैं
ऋतुओं के गंधमयी नृत्य की

नदी के पास
स्मृतियाँ हैं
सूर्य के तपे हुए स्वर्णिम ताप की
हवाओं के किस्से हैं
परी लोक की कथाओं के।

नदी के पास
तड़पती चपलता है
जिसे मछलियाँ जानती हैं।

नदी के पास
सितारों के आँसू हैं
रात का गीला दुःख है
बच्चों की हँसी की सुगंध है
नाव-सी आकांक्षाएँ हैं
बच्चों का उत्साह है।

अकेले में
नदी तट पर बैठती हूँ
अपनी आँखों के तट पर
बैठे हुए
तुम्हारी हथेली से
आँसू पोंछती हूँ।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like