धैर्य के द्वीप - पूनम अरोड़ा श्री श्री

पूनम अरोड़ा श्री श्रीपूनम अरोड़ा श्री श्री26 Sept 1979

5 min read · 12.4K reads

नये अर्थों को तलाशते हुए
आशाएँ स्वप्नों का बादल बन
सौहार्द के सामीप्य से
उतनी ही स्नेहिल रहती हैं
जैसे चिड़िया की चोंच में
क्षुधा की तृप्ति को समर्पित अनाज का एक दाना.

सांध्य बेला की लालिमा में
अवध के आसमान में तैरते असंख्य नन्हे पाखी हृदय
जीवन के सौंदर्य का केवल एक पक्ष निहारते
कभी सुनते
कभी स्मृतियों की धुरी पर
अपने गतिमान होने को टटोलते.

कैसा होगा सुख प्रिय?
जो रिसता होगा तुम्हारी आँखों से
तुम्हारे एकांत में.

और कैसा होगा मेरा दुःख?
जिसने खोजा होगा
धरती का एक समतल टुकड़ा
प्रतीक्षा के क्षितिज तक.

यह चार पहर क्या कम हैं जीवन के चार दरवाज़ों से?
जिनकी चौखट पर मेरी परछाई खड़ी रहती है दिन भर.

मगर तुम फिर भी मेरा कोई तर्क न मानना
क्योंकि वृक्षों पर फलों के साथ
सदा उगता है असीम धैर्य.

(अज्ञेय को समर्पित, जिनके एकांत पर दृष्टि भी नहीं डाली जा सकती. मेरी अनुभूति में उनका असीम विस्तार है)
पूनम अरोड़ा श्री श्री
About the poet

पूनम अरोड़ा श्री श्री

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like