सांसों के समंदर में - पृथ्वी पाल रैणा

पृथ्वी पाल रैणापृथ्वी पाल रैणा26 Sept 1949

4 min read · 12.4K reads

सांसों के समंदर में
मेरे हिस्से की जो चंद सांसें हैं
उन्हें जी लूं फिर सोचूंगा
कितना लम्बा रास्ता
अभी और तय करना है
कहने को तो
यह जीवन मेरा है
लेकिन इसमें मैं कहां हूं
मेरे करने से यहां
कुछ नहीं होता
जो भीतर है भीतर ही रहता है
जो बाहर है कभी भीतर नहीं जाता
संसार कितना भी लुभावना हो
संसार ही बना रहता है
मैं हो नहीं
पा सकता
’मैं होने का
केवल आभास होता है
इसी आभास को हम ’मैं’ मान कर
जीवन की उलझी हुई राहों में
भटकते भटकते उम्र बिता देते हैं
होने न होने
पाने और खोने में
सांसों का हिसाब खो जाता है
इसीलिए सोचता हूँ
अपने हिस्से की जो
चंद सांसें हैं
उन्हें खुल के जी लूँ
फिर फ़ुर्सत मिली तो
हिसाब लगा लूँगा
क्या पाया और क्या खोया ।
पृथ्वी पाल रैणा
About the poet

पृथ्वी पाल रैणा

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like