मन में आग अधर हैं प्यासे चेहरों पर फिर भी मुस्कान - पृथ्वी पाल रैणा

पृथ्वी पाल रैणापृथ्वी पाल रैणा26 Sept 1949

5 min read · 12.4K reads

मन में आग अधर हैं प्यासे चेहरों पर फिर भी मुस्कान
मृत आवाज़ों का कोलाहल मीलों तक बस्ती बीरान

इंसानों का जंगल दुनिया चेहरे दर चेहरे इंसान
जग में आकर जीव-फ़रिश्ता भूल गया अपनी पहचान

एक निराली तितली जैसी इच्छा भीतर जगते ही
रंग बिरंगी कई तितलियाँ बन कर घिर आए अरमान

सुंदर मनमोहक इस जग का एक नज़ारा पाते ही
भ्रमित हुई बुद्धि, चेहरे पर चिपक गई मीठी मुस्कान

ख़ूब हुआ फिर खेल, जगत से इतने रिश्ते बांध लिए
छोडूं किसे निभाऊँ किसको बौराई नन्ही सी जान

कालचक्र ने तभी अचानक ऐसा रंग दिखाया
सभी तितलियाँ हुई नदारद लौट आई पिछली पहचान

जीवन ने करवट बदली तो आँख मूँद कर यह सोचा
इतना लम्बा जीवन जीकर भी राहें अब तक अनजान

अपनी ही बस्ती में अब तो अपनों जैसे लोग नहीं
आगे बढ़ कर गले लगा ले कहाँ गए ऐसे इन्सान

चाहत की बाज़ी खेले तो चाह चौगुनी हो जाए
डर की चौखट पर बैठा है जग का अनजाना मेहमान
पृथ्वी पाल रैणा
About the poet

पृथ्वी पाल रैणा

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like