कभी-कभी - प्रेमशंकर रघुवंशी

प्रेमशंकर रघुवंशीप्रेमशंकर रघुवंशी8 Sept 1936 – 21 Sept 2016

4 min read · 12.4K reads

बाग-बगीचों की फूलों की
नित चर्चा करने वालो
कभी-कभी तो वनफूलों की
ख़ुशबू पर बातें कर लो !

ये हैं ऐसे फूल कि जिनके
माली ये ख़ुद ही होते
ये न कभी मौसम की नरमी
गरमी से विचलित होते

ये हैं ऐसे फूल कि हरदम
वन की गोदी में खिलते
ये हैं ऐसे फूल कि हरदम
अपने पानी पर पलते

बाग़-बग़ीचों की क्यारी पर
नित विचार करने वालो
कभी-कभी तो वनफूलों की
सर्जन पर बातें कर लो !!

जिन फूलों पर मोहित हो तुम
वे क़लमों पर अवलंबित
परजीवी वे पर‍आश्रित हैं
गैर जड़ों से संचालित

अनुभव निजी न कोई उनके
ना जीवन्के संवेदन
द्वंद्व न कोई उनके अंदर
ना ही कोई उद्वेलन

बाग़-बग़ीचों की सौरभ का
नित प्रचार करने वालो
कभी-कभी तो वनफूलों के
कामों का सुमरन कर लो !!
प्रेमशंकर रघुवंशी
About the poet

प्रेमशंकर रघुवंशी

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like