एक आवाज़ सो गई है अभी - प्रेमरंजन अनिमेष

प्रेमरंजन अनिमेषप्रेमरंजन अनिमेष

5 min read · 12.4K reads

जगजीत सिंह के जाने के बाद

एक आवाज़ सो गई है अभी
ख़ल्‍क़ ख़ामोश हो गई है अभी

कोई वीरानी हर तरफ़ जैसे
रूह हर शै से खो गई है अभी

ज़िन्दगी थी हाँ ज़िन्दगी थी वही
अपने भीतर से जो गई है अभी

धूप में हल्की-हल्की-सी बारिश
आसमानों को धो गई है अभी

दर्द जो शहद से भी है गाढ़ा
याद पहली समो गई है अभी

साँझ कैसी धुआँ-धुआँ-सी है
रोशनी दर पे रो गई है अभी

नींद इन सूनी-सूनी आँखों में
टूटे सपने पिरो गई है अभी

रोशनाई से लिक्खे हर्फ़ों को
इक सियाही डुबो गई है अभी

रास्ते में कहीं मिले शायद
बेबसी देख लो गई है अभी

एक पल पहले थी नज़र रह पर
आस भी हो न हो गई है अभी

आँख खुलते ही इक किरण पहले
सच की किरचें चुभो गई है अभी

फूल ख़ुशबू के ख़ाली दामन में
फिर मुहब्बत सँजो गई है अभी

सुबह तक जागता रहूँ अनिमेष
रात पलकें भिगो गई है अभी
प्रेमरंजन अनिमेष
About the poet

प्रेमरंजन अनिमेष

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like