सुनो कबीर! - प्रतिभा सक्सेना

प्रतिभा सक्सेनाप्रतिभा सक्सेना9 Sept 1938

5 min read · 12.4K reads

एक नन्हीं-सी ज्योति!
माटी में आँचल में अँकुआता बीज,
काल -धारा में बहे जा रहे जीवन को
निरंतरता की रज्जु में बाँधता.
भंगुर-से तन में सँजोए नव-निर्माण कण,
काल से आँख मिलाती नव-जीवन रचती
धरती या नारी ?

उस अंतर्निहित ज्योति का स्फोट,
दर्पण पर प्रतिवर्तित असह्य प्रकाश!
स्तब्ध काल-भुजंग अंधिया जाये,
अपना दाँव न चल सके,
तो तुम सहानुभूत या भय-भीत से
बोल दिए -
नारी की छाया परत
अंधा होत भुजंग!

निःस्व समर्पण के क्षणों में
बहुत भाती है न बहुरिया ?
फिर मस्ती में डूबा मन, और आहत अहं
जब बिठा नहीं पाता संगति,
व्यवहार -जगत की वास्तविकताओं से,
परिणामों से दामन बचा,
बचते-भागते,
उसी पर दोष धरते, गरियाते,
बन जाते हो ख़ुद
राम की बहुरिया!

सोचते रहते हो -
तिनकी कौन गति
जे नित नारी संग?
सुनो कबीर,
जिसमें सामर्थ्र्य होगी,
भागेगा नहीं,
अर्धांग में धारण कर
बन जाएगा पूर्ण-पुरुष!
निर्भय-निर्द्वंद्व!
प्रतिभा सक्सेना
About the poet

प्रतिभा सक्सेना

View profile & all 182 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like