केलिफ़ोर्निया का राज-पुष्प - प्रतिभा सक्सेना

प्रतिभा सक्सेनाप्रतिभा सक्सेना9 Sept 1938

3 min read · 12.4K reads

वन-घासों के बीच
झिलमिलाते इतने दीप!

इस निर्जन वन-खंडिका में
संध्याकाश के नीचे
कौन धर गया?
क्रीक के दोनों ओर,
ढालों पर, निचाइयों में
और हरी-भरी ऊँचाइयों पर भी
सघन श्यामलता में दीप्त होते,
चंचल हवा से अठखेलियाँ करते
कितने -कितने दीप!

सुनहरी लौ के प्रतिबिंब
तल की जल-धारा में बहते उतराते,
सीढ़ियों पर बिखर-बिखर
लहरों के साथ बहे चले जा रहे.
इस विजन में फूले हैं अनगिनती
सुनहरे पॉपी,
उजास बिखेरते,
इस एकान्त साँझ में!
प्रतिभा सक्सेना
About the poet

प्रतिभा सक्सेना

View profile & all 182 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like