एक रोज़ - प्रतिभा कटियार

प्रतिभा कटियारप्रतिभा कटियार

5 min read · 12.4K reads

एक रोज़
मैं पढ़ रही होऊँगी
कोई कविता
ठीक उसी वक़्त
कहीं से कोई शब्द
शायद कविता से लेकर उधार
मेरे जूड़े में सजा दोगे तुम ।

एक रोज़
मैं लिख रही होऊँगी डायरी
तभी पीले पड़ चुके डायरी के पुराने पन्नों में
मेरा मन बाँधकर
उड़ा ले जाओगे
दूर गगन की छाँव में ।

एक रोज़
जब कोई आँसू आँखों में आकार
ले रहा होगा ठीक उसी वक़्त
अपने स्पर्श की छुअन से
उसे मोती बना दोगे तुम ।

एक रोज़
पगडंडियों पर चलते हुए
जब लड़खड़ाएँगे क़दम
तो सिर्फ़ अपनी मुस्कुराहट से
थाम लोगे तुम ।

एक रोज
संगीत की मंद लहरियों को
बीच में बाधित कर
तुम बना लोगे रास्ता
मुझ तक आने का ।

एक रोज़
जब मैं बंद कर रही होऊँगी पलकें
हमेशा के लिए
तब न जाने कैसे
खोल दोगे ज़िंदगी के सारे रास्ते
हम समझ नहीं पाएँगे फिर भी
दुनिया शायद इसे
प्यार का नाम देगी एक रोज़....
प्रतिभा कटियार
About the poet

प्रतिभा कटियार

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like