माहिया - प्राण शर्मा

प्राण शर्माप्राण शर्मा13 Sept 1937 – 25 Sept 2018

4 min read · 12.4K reads

इसकी परिभाषा से
हम अनजान रहे
जीवन की भाषा से

सब कुछ पढ़कर देखा
पढ़ न सके लेकिन
जीवन की हम रेखा

आँखों में पानी है
हर इक प्राणी की
इक राम कहानी है

भावुकता में खोना
चलता आया है
मन का रोना-धोना

उड़ते गिर जाता है
कागज़ का पंछी
कुछ पल ही भाता है

नभ के बेशर्मी से
सड़कें पिघली हैं
सूरज की गर्मी से

कुछ ऐसा लगा झटका
टूट गया पल में
मिट्टी का इक मटका

हर बार नहीं मिलती
भीख भिखारी को
हर द्वार नहीं मिलती

सागर में सीप न हो
यह तो नहीं मुमकिन
मंदिर में दीप न हो

हर कतरा पानी है
समझो तो जानो
हर शब्द कहानी है

क्यों मुंह पे ताला है
चुप---चुप है राही
क्या देश- निकाला है

हर बार नहीं करते
अपनों का न्यौता
इनकार नहीं करते
प्राण शर्मा
About the poet

प्राण शर्मा

View profile & all 59 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like