गमकता बैसाख - प्रज्ञा रावत

प्रज्ञा रावतप्रज्ञा रावत2 Sept 1961

5 min read · 12.4K reads

हँस रहा है चकखती बैसाख का ये दिन
ये मौसम का गमकना भी कैसा! ठीक
जैसे नन्हा शिशु माँ की गोद से
बिखेरता हँसी चारों दिशाओं में
झाँकता है माँ के आँचल से
और फिर छिप जाता है वहीं

तपती गर्मी की इस मदमस्त हवा में
अपने पूरे हरेपन में इठला रहा है
आम का भरा हुआ पेड़
गदरायी कैरियाँ, इतराती
करती हँसी-ठिठोली झूम रही हैं
जैसे करती हों कोई समूह-नृत्य
मना रहा है जश्न अपने मौसम का

ऐसे में धरती-पुत्री मैं
सायं-सायं करते दोपहर के सन्नाटे में
हूँ शामिल इस उत्सव में
कोई नहीं आसपास
मैं भी रहना नहीं चाहती भीतर
गर्मी में मशीन की हवा रास नहीं आती
घबराने लगती हूँ दूर जाने लगती हूँ ख़ुद से
लगता है बेईमानी कर रही हूँ मौसम के साथ
 
इस समय तो हुलक रहा है
मेरा कण्ठ
मैं जी भरकर गाना चाहती हूँ
एक गीत ओ सूरज तुम्हारे प्रेम में।
प्रज्ञा रावत
About the poet

प्रज्ञा रावत

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like