अविवाहित रह गई लड़कियों के नाम - प्रज्ञा रावत

प्रज्ञा रावतप्रज्ञा रावत2 Sept 1961

5 min read · 12.4K reads

लड़की क्यों रहती हो उदास तुम
बेरौनक तुम्हारा चेहरा
मन कोई आहट सुनने को बेचैन
अनमनी-सी क्यों भागती-फिरती हो
अपने आप से

सब जानते हैं कि लिखने वालों
के लिए किसी उपन्यास का
ज़रूरी हिस्सा हो सकती हो तुम
उम्र का अब तक का पड़ाव तय
किया है तुमने बिना किसी
शोर-शराबे के

तुम कहाँ कर पाईं कभी प्रेम किसी से
प्रेम में पड़ने की अपनी उम्र में
बेलती रहीं अपना मन गोल-गोल
रोटियों में और सेंक दी अपनी चटख
कहने को तो बहुत कुछ है लड़की
पर राज की बात तो ये है कि
तुम्हारा मन सहलाने नहीं आएगा
कभी कोई

ये क़िस्सों और कहानियों के नायक
कब उतरे हैं ऐसी किसी आधी
बीत चुकी कहानी में

मेरी बात मानो
अबकी बारिश फैला अपने
सतरंगी पंख थिरक लेना जी भर
बेसाख़्ता बेसुध
डरो मत मैं हूँ ना

अबके मौसम जब दूर-दराज़ से आई
चिड़िया बैठ तुम्हारे कन्धे
लौटा रही हो तुम्हारी आँखों में
क्षितिज से बटोर कर लाई चमक
तो टोकना मत उसे

क्या पता चिड़िया फिर
आए न आएँ
मैं भी रहूँ ना रहूँ।
प्रज्ञा रावत
About the poet

प्रज्ञा रावत

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like