स्कूटर चलाती हुई लड़कियाँ - प्रदीप मिश्र

प्रदीप मिश्रप्रदीप मिश्र1 Sept 1970

4 min read · 12.4K reads


स्कूटर चलाती हुई लड़कियाँ


स्कूटर चलाती हुई लड़कियाँ
जब फर्राटे भरती हुई
गुज़रतीं हैं पास से तो
लगता है जैसे
एक झोंका गुज़र गया हो
मोंगरे की सुगन्ध से गमकता

स्कूटर चलानेवाली लड़कियाँ
पसन्द नहीं करतीं हैं किसी से पिछड़ना
वे सबको पीछे छोड़ती हुई
बहुत आगे निकल जाना चाहतीं हैं
इतना आगे कि पीछे मुडकर देखने पर
सिर्फ उनकी गति दिखाई दे

सबको पीछे छोड़नेवाली इन लड़कियों को
महिला विमर्श के बारे में
पता है कि नहीं, पता नहीं
लेकिन वे जानती हैं कि
किस मोड़ से
कितनी गति से मुड़ना चाहिए

कब इतना चरमरा कर
ब्रेक लगाना चाहिए कि
स्कूटर के साथ-साथ
समय भी ठहर जाए
समय को लगाम की तरह पकड़ी हुई
इन लड़कियों को देखना
हमारे समय का सबसे सुन्दर दृश्य है।
  
प्रदीप मिश्र
About the poet

प्रदीप मिश्र

View profile & all 30 Poems / Stories