मैं अपने मन की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता... - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

5 min read · 12.4K reads

मैं अपने मन की सुनता तो तुम्हें अब तक चूम चुका होता
यानी किन्हीं पके हुए शब्दों में बता सकता कि
तुम खारी हो या मीठी हो
और यह भी कि
तुम्हारी देह में जो खिलते हैं, उन फूलों को
किन पहाड़ों से रंगत हासिल है

मैं अपने मन की सुनता तो अपने समस्त खालीपन को
तुम्हारे हर खालीपन में उड़ेलकर भर चुका होता
यानी हमारा खालीपन मिलकर भरे होने का भ्रम देता
और तुम्हारी इन हुनरमंद आँखों में, जो तिलिस्म रचती हैं
तेल की तरह तैर रहा होता ऊपर-ऊपर

मैं अपने मन की सुनता तो तुम नींद से बाहर भी
रच रही होती मेरे होने, न होने को
यानी नींद में मुझे अपना बिस्तर नहीं काटता
और जो कभी कँपकँपाती ठंड से मेरी हथेली
किसी अलाव की तरह मौजूद होती तुम

लेकिन मैं अपने मन की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता
यानी वह मुझसे थोड़ा साहस माँगता है
और मेरे पास बहाने इतने हैं,
जितना दुनिया में कचरा
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories