जहाँ वह शव था - प्रभात

प्रभातप्रभात

6 min read · 12.4K reads

मैं रात भर चलकर वहाँ पहुँचा घाटी से मैदान की ओर
जहाँ वह शव था लोग खड़े और बैठे हुए थे जिसके चहुँओर

उस वक़्त मैं थका था रुदन नहीं था मेरे भीतर
जो कुछ था वह शव की तरह था मेरे भीतर
या अधिक से अधिक उन लकड़ियों की तरह
जो शव को जलाने के लिए वहाँ लाई गई थीं

फिर कितने महीनों बाद आज
दाह की आँच जैसी जलाती दोपहर में
मेरे निर्जन में एकाएक फूटा रुदन का निर्झर

उन्हें मुझसे कभी प्यार नहीं रहा
घर का बँटवारा होने से पहले तक
मेरा बचपन उनके साथ
पाटोर की छत के नीचे रहते हुए बीता
उन्होंने सिर्फ़ मेरे लिए कभी कुछ नहीं किया
मगर मेरी बहुत सारी ज़रूरतें
सिर्फ़ उनकी वज़ह से पूरी होती रही

उनके रहने सहने और जीने में
धीरज था लगन थी और गहराई
सरसों की फलियों में दानों की जगह पानी भर जाता
गेहूँ की फ़सल को बादलों की भगदड़ रौंद डालती
वे इन बेरहम हालातों में
टूटी हुई खाटों को ठीक करने का काम करते
लालटेन जलाकर पशु-बाड़े में नवजात बछड़े के पास बैठे रहते
यही उनका स्वभाव था

मैं अपने मृतकों को याद करता हूँ
ताकि उनकी खूबियों की धूप
अपने घने उदास अँधेरों में फैला सकूँ
प्रभात
About the poet

प्रभात

View profile & all 64 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like