इसी घर में लगातार - प्रभात त्रिपाठी

प्रभात त्रिपाठीप्रभात त्रिपाठी

3 min read · 12.4K reads

बादलों की तरह मण्डराते हैं शब्द
अन्तस के आकाश में
आओ हम छिप जाएँ घर में
बच्चों को डराती है माँ
 
आनेवाली बारिश को एहतियातन
तूफान बनती है माँ
तूफान में तिनके-सा असहाय
एक मुद्दत से रह रहा हूँ
इसी घर में लगातार

यहीं मैंने जाना प्यार
यहीं मैंने देखी नफ़रत
यहीं मुझे मिली
अपनी बेटी सी सगी
एक अजीबोगरीब राहत

यहीं मुझे पता लगा
भले ही सारा कुछ शब्द है
पर मै वह नहीं लिख रहा
जो है
जो था
जो होगा
मैं कुछ और लिख रहा हूँ
प्रभात त्रिपाठी
About the poet

प्रभात त्रिपाठी

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like