फ्रंटियर न सही, ट्रिब्यून पढ़ें
कलकत्ता नहीं, ढाका की बात करें
आर्गेनाइजर और पंजाब केसरी
की कतरनें लाएँ
और मुझे बताएँ
ये चीलें किधर जा रही है?
कौन मरा है?
समय कोई कुत्ता नहीं
कि ज़ंजीर पकड़कर जिधर चाहे खींच लें
आप कहते हैं
माओ यह कहता है, माओ वह कहता है
मैं पूछता हूँ, माओ कौन है कहने वाला?
शब्द बंधक नहीं हैं
समय ख़ुद बात करता है
पल गूँगे नहीं हैं
आप बैठे रैंबल में
या प्याला चाय का रेहड़ी से पिएँ
सच बोलें या झूठ—
कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता
चाहे चुप की लाश भी छलाँग से लाँघ जाएँ
और ऐ हकूमत!
अपनी पुलिस से पूछकर यह बता
कि सींखचों के भीतर मैं क़ैद हूँ
या सींखचों के बाहर यह सिपाही?
सच ए.आई.आर. की रखैल नहीं
समय कोई कुत्ता नहीं।








