रीतना - पंकज सुबीर

पंकज सुबीरपंकज सुबीर11 Sept 1975

8 min read · 12.4K reads

मुट्ठी में बंद हैं
कुछ सूखे हुए टुकड़े
अंधेरे के
हर एक टुकड़ा
प्रतीक्षारत है
कि उसे भी मिल जाए कोई नाम
किसी रिश्ते का नाम
मुट्ठी में बंद रेत
जब फिसलकर चली जाती है
तब रह जाते हैं
सीली हथेली पर लगे हुए कुछ कण
रेत के
ठीक उसी तरह
मुट्ठी में बंद हैं
ये सूखे हुए टुकड़े
मुट्ठी से फिसलकर कर गिरती हुई रेत
उसके तो कई नाम होते हैं
कहीं अतीत
तो
कहीं माज़ी
और हाथ पर चिपके रह जाते हैं
वे टुकड़े?
नाम तो उनके भी होते हैं
यादें
स्मृतियाँ
सुधियाँ
वगैरह वगैरह
लेकिन इन सूखे टुकड़ों को
क्या नाम दिया जाए?
और
क्यों दिया जाए?
ये फिसल क्यों नहीं जाते
हथेली पर से
रेत की तरह
क्यों चाहते हैं
मुट्ठी में क़ैद रहना
किसी रिश्ते के नाम का सहारा लेकर
हालाँकि जानते हैं
कि फिसल ही जाना है
अंत में
और छोड़ जाना है
उन रेत के कणों को
जोंक की तरह चिपका
खून चूसने के लिए
उम्र भर
फिर भी ये चाहते हैं
पाना कोई नाम
क्योंकि जानते हैं
यूँ ही मुट्ठी में बंद करके
नहीं रखा जा सकता
इनको
जब तक नहीं दिया जाए
कोई नाम
किसी रिश्ते का नाम
सोचते ही सोचते
खोल देता हूँ मैं
मुट्ठी
और उड़ा देता हूँ
उन अँधेरे सूखे टुकड़ों को
और फिर से रीत जाता हूँ
भोगने के लिए अपने
अकेलेपन को
जो अक्सर कम पीड़ादायक होता है
उस पीड़ा की तुलना में
जो यादें, स्मृतियाँ, सुधियाँ
वगैरह वगैरह
देती हैं
जोंक की तरह चिपक कर
चूसते समय
किसी रिश्ते के
हथेली से फिसल जाने के बाद
पंकज सुबीर
About the poet

पंकज सुबीर

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like