ओ सावन के बादल - पंकज सुबीर

पंकज सुबीरपंकज सुबीर11 Sept 1975

5 min read · 12.4K reads

ओ सावन के बादल जाकर देना इतनी सिर्फ निशानी ।
भय्या के हाथों को छूकर देना इन आंखों का पानी ॥

बाबूजी से पीर मेरी कोई भी मत कह देना सुन ले ।
कहना गुड्डी बिटिया तो हो गई है अब ससुराल की रानी ॥

मेरा नाम सुनेंगीं जब तो हुलस हुलस कर वो रोऐंगीं ।
अम्मा की आंखों से ममता बह निकलेगी बनकर पानी॥

पिंजरे का हीरामन अब भी गुड्डी-गुड्डी रटता होगा ।
कह देना तेरी वो गुड्डी हो गई है अब बहू सयानी॥

घर के इक कोने में मेरी गुड़िया भी रक्खी हो शायद।
कहना याद बहुत आती है तेरी लाडो बिटिया रानी ॥

अमरूदों के बाग में जाकर माली काका से कहना ये।
चोरी के अमरूदों की यादें हैं अब तो सिर्फ कहानी ॥

पिछवाड़े के नीम पे झूला डाला होगा काकाजी ने ।
उस झूले पर बैठ हुमकना पुरवय्या होगी मस्तानी ॥

नदिया के कानों में थोड़ा शरमा कर ये बतला देना।
आते माघ पूस तक बन जाएगी तू अम्‍मा से नानी ॥

आंगन के तुलसी चौरे पर कर आना तू संजा बाती ।
और कहना आशीष बनाए रखना तुलसी माता रानी।।
पंकज सुबीर
About the poet

पंकज सुबीर

View profile & all 46 Poems / Stories